ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप ने फिर जताया गर्व, कहा- मेरी वजह से बचा इजरायल और मिडिल ईस्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनकी कार्रवाई के कारण ही इजरायल और मिडिल ईस्ट ईरान के परमाणु खतरे से बचे हैं। उन्होंने ईरान की परमाणु सुविधाओं पर हमले को अपनी कामयाबी बताया। हालिया अमेरिकी हमले में एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने की बात भी कही।


Trump on Iran Nuclear Programme: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि अगर उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से नहीं रोका होता, तो आज इजरायल और पूरा मिडिल ईस्ट अस्तित्व में नहीं होते। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर अपनी भूमिका का जिक्र किया और कहा कि इस काम का श्रेय उन्हें नहीं दिया जाता।
'ईरान को रोकना जरूरी था, तभी बचा मिडिल ईस्ट'
बता दें, ट्रुथ सोशल पर अपनी पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान परमाणु हथियार हासिल करने में कामयाब हो जाता, तो इजरायल के साथ-साथ पूरे मध्य पूर्व की स्थिति अलग होती। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उनकी कार्रवाई ने इस खतरे को टालने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, ट्रंप ने यह भी नाराजगी जताई कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने में उनके योगदान की खुलकर चर्चा नहीं होती। उनके मुताबिक, लोग इस सच्चाई को स्वीकार करने से बचते हैं, जबकि उन्हें इसकी जानकारी है।
पहले भी गिनाई उपलब्धि
हालांकि, ट्रंप लगातार इन हमलों को ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर लगाम लगाने की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम बताते आए हैं। उनका कहना है कि अमेरिकी कार्रवाई ने ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने के प्रयासों को बड़ा झटका दिया। इस मुद्दे पर वह कई बार सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर अपनी भूमिका का जिक्र कर चुके हैं।
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने इजरायल के अस्तित्व को अपनी नीतियों और फैसलों से जोड़ा है। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि यदि वह अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं होते, तो शायद आज इजरायल का अस्तित्व नहीं होता।
ईरान पर सीमित हमले का भी ट्रंप ने किया जिक्र
इस बीच ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को सीमित हमला बताया है। उनके मुताबिक, इस ऑपरेशन में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने एक छोटा एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम तैयार किया था, जिसे अमेरिकी सेना ने महज 15 मिनट में नष्ट कर दिया। ईरान के सरकारी मीडिया ने भी हमले की पुष्टि की है।

