स्कूल के बाहर 100 से ज्यादा छात्रों का प्रदर्शन, शराब दुकान हटाने और स्पीड ब्रेकर की मांग
राजगढ़ के संडावता में PM श्री स्कूल के 100 से ज्यादा छात्रों ने शराब दुकान हटाने और स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले धरने के बाद तहसीलदार के आश्वासन पर छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया।
Rajgarh students protest: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के संडावता में शनिवार को PM श्री स्कूल के 100 से ज्यादा छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। छात्रों ने स्कूल के आसपास संचालित शराब दुकान को हटाने और स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की। छात्र करीब एक घंटे तक पुलिस चौकी के सामने बैठे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारे लगाए। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शराब दुकान और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर नाराजगी
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि स्कूल के नजदीक शराब दुकान होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा स्कूल के सामने से तेज रफ्तार में वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। छात्रों ने प्रशासन से दोनों समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
तहसीलदार ने छात्रों से की बातचीत
वहीं, प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद छापीहेड़ा थाना पुलिस और सारंगपुर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। छात्रों ने स्कूल के आसपास के माहौल और सड़क सुरक्षा से जुड़ी अपनी चिंताएं अधिकारियों के सामने रखीं। तहसीलदार ने शराब दुकान हटाने और स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर बनवाने को लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
पहले भी उठा चुके हैं यही मुद्दा
छात्रों के मुताबिक, इन दोनों मांगों को लेकर करीब एक महीने पहले भी प्रदर्शन किया गया था। उस समय सारंगपुर SDM ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, जिसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया था। हालांकि, छात्रों का कहना है कि एक महीने बाद भी शराब दुकान को वहां से नहीं हटाया गया और स्पीड ब्रेकर का निर्माण भी नहीं हुआ। इसके चलते उन्होंने शनिवार को दोबारा प्रदर्शन किया।