रायसेन में नर्मदा किनारे मिला विशाल दांतों वाला जबड़ा, ग्रामीणों ने देवता मानकर शुरू की पूजा
रायसेन के पतई गांव में नर्मदा नदी के किनारे जमीन में दबा दांतों वाला विशाल जबड़ा मिला है। ग्रामीण इसे देवता मानकर पूजा कर रहे हैं। शुरुआती अनुमान में इसके मैमथ जैसे प्राचीन जीव का जीवाश्म होने की आशंका है।


Fossil Found in Raisen: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के किनारे मिली एक अनोखी आकृति ने लोगों का ध्यान खींचा है। पतई गांव में जमीन के भीतर दबा दांतों वाला विशाल जबड़ा दिखाई दिया है। गांव के लोग इसे किसी दिव्य शक्ति से जोड़कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं, जबकि शुरुआती अनुमान में इसे किसी प्राचीन विशालकाय हाथी का जीवाश्म बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी असल पहचान वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आएगी।
बच्चों की खुदाई में सामने आया रहस्यमयी जबड़ा
जानकारी के मुताबिक, यह मामला देवरी क्षेत्र के पतई गांव का है, जो नर्मदा नदी के तट पर बसा हुआ है। मंगलवार शाम कुछ बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मिट्टी हटाई तो जमीन में दबा एक अजीब आकार का हिस्सा नजर आया। करीब से देखने पर उसमें बड़े-बड़े दांत जैसी आकृतियां दिखाई दीं। इसका कुछ हिस्सा जमीन के अंदर भी धंसा हुआ है। देखते ही देखते यह खबर गांव में फैल गई और लोग उस जगह को देखने पहुंचने लगे।
ग्रामीणों ने देवता मानकर शुरू की पूजा
बता दें, अनोखी बनावट के कारण ग्रामीणों ने इस आकृति को किसी अज्ञात देवता का स्वरूप मान लिया है। इसके बाद मौके पर पूजा-अर्चना भी शुरू हो गई। फिलहाल गांव में इस वस्तु को लेकर कौतूहल बना हुआ है। हालांकि, इसे धार्मिक प्रतीक या किसी प्राचीन जीव का अवशेष मानने से पहले विशेषज्ञों की जांच जरूरी है। सिर्फ तस्वीरों और बाहरी बनावट के आधार पर इसकी पहचान तय नहीं की जा सकती।
क्या हिमयुग के विशाल हाथी का हो सकता है अवशेष?
शुरुआती कयासों में इसे मैमथ यानी प्राचीन विशालकाय हाथी के जबड़े का जीवाश्म बताया जा रहा है। मैमथ हिमयुग में पाए जाने वाले हाथी जैसे विशाल जीव थे। इनके अवशेष दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मिल चुके हैं। पतई गांव में मिली आकृति की बनावट भी लोगों को इसी तरह के जीव के जबड़े की याद दिला रही है। हालांकि, अभी तक किसी पुरातत्वविद् या जीवाश्म विशेषज्ञ ने इसकी पहचान की पुष्टि नहीं की है। इसकी उम्र, प्रजाति और वास्तविक स्वरूप का पता वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही चल सकेगा।
नर्मदा घाटी में पहले भी मिल चुके हैं प्राचीन अवशेष
हालांकि, नर्मदा घाटी का क्षेत्र प्राचीन जीवों और भूवैज्ञानिक अवशेषों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। इस इलाके में पहले भी डायनासोर से जुड़े जीवाश्म और अंडों के अवशेष मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पतई गांव में मिला यह विशाल जबड़े जैसा हिस्सा भी शोध का विषय बन सकता है। यदि जांच में इसके किसी प्राचीन जीव का जीवाश्म होने की पुष्टि होती है, तो यह रायसेन जिले के लिए महत्वपूर्ण खोज साबित हो सकती है।

