फिलीपींस में हवा में टकराए दो ट्रेनिंग विमान, चारों पायलटों की मौत
फिलीपींस के लीपा शहर में प्रशिक्षण के दौरान वायुसेना के दो SF-260 विमान हवा में टकरा गए। हादसे में चारों पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वायुसेना ने इन विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। हादसे की वजह जानने के लिए जांच जारी है।

Philippines Air Crash: फिलीपींस में वायुसेना के प्रशिक्षण अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार को दो SF-260 ट्रेनिंग विमान हवा में आपस में टकरा गए, जिसमें सवार चारों पायलटों की मौत हो गई। हादसा राजधानी मनीला के दक्षिण में स्थित लीपा शहर के फर्नांडो एयर बेस के पास हुआ। घटना के बाद फिलीपीन वायुसेना ने एहतियातन SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे दोनों विमान
सूत्रों के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 3:51 बजे हुआ। उस समय दोनों विमान प्रशिक्षण उड़ान पर थे और कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गए। एक विमान का मलबा सैन्यकर्मियों के बैरक के पास जा गिरा। दुर्घटना में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की जान चली गई। हादसे के बाद सैन्य अधिकारियों ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल, टक्कर की सटीक वजह सामने नहीं आई है।
SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक
बता दें, दुर्घटना के बाद फिलीपीन वायुसेना ने SF-260 विमानों के संचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया है। जांच पूरी होने और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की समीक्षा के बाद ही इन विमानों की उड़ान दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। SF-260 इटली में निर्मित प्रशिक्षण विमान हैं। इनका इस्तेमाल सैन्य पायलटों को उड़ान का अभ्यास कराने और शुरुआती प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है।
फिलीपींस ने खरीदे थे 18 SF-260 विमान
जानकारी के अनुसार, फिलीपींस ने वर्ष 2010-11 के दौरान इटली से 18 SF-260 विमान खरीदे थे। इन विमानों का इस्तेमाल वायुसेना के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में किया जाता रहा है।
फिलीपींस में हुई इस दुर्घटना ने सैन्य प्रशिक्षण उड़ानों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल, जांच के निष्कर्षों और SF-260 विमानों की उड़ान पर लगी रोक को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।
.jpg&w=3840&q=75)
