‘कातिल नहीं, आशिक हूं…’ शाहरुख का रोमांटिक-अग्रेसिव लुक वायरल, जानिए कब रिलीज होगी ‘किंग’?
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर रिलीज हो गया है। पोस्टर में अभिनेता गुलाब के साथ रोमांटिक लेकिन गुस्से भरे अंदाज में नजर आ रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। इसमें दीपिका, सुहाना और कई बड़े कलाकार भी हैं।

King Movie New Poster: शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर सामने आते ही चर्चा में आ गया है। इस बार अभिनेता का अंदाज रोमांटिक होने के साथ-साथ काफी आक्रामक भी नजर आ रहा है। पोस्टर के साथ शाहरुख ने एक ऐसा संदेश साझा किया, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
गुलाब के साथ दिखा शाहरुख का अलग अंदाज
बता दें, पोस्टर में शाहरुख खान के होंठों के बीच गुलाब दिखाई दे रहा है, जबकि उनकी आंखों में गुस्से और चेहरे पर गंभीरता देखने को मिली है। इस लुक में रोमांस और एक्शन दोनों की झलक मिलती है। हालांकि, फिल्म की कहानी में इस अंदाज का क्या मतलब होगा, यह देखना दिलचस्प रहेगा। शाहरुख ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “आज फिर याद आया... कातिल नहीं, आशिक हूं।” उनके इस कैप्शन ने पोस्टर को और खास बना दिया है।
24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘किंग’
सूत्रों के अनुसार, ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जो इससे पहले शाहरुख खान के साथ ‘पठान’ में काम कर चुके हैं। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने मिलकर किया है। इस फिल्म में शाहरुख एक नए एक्शन अवतार में दिखाई देंगे। दर्शकों को उनके किरदार में एक्शन के साथ भावनात्मक और रोमांटिक पहलू भी देखने को मिल सकते हैं।
बड़ी स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
वहीं, ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, अरशद वारसी और अभय वर्मा जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक मेंटर और उसके शिष्य के सफर के इर्द-गिर्द बताई गई है, जहां दोनों को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ता है। सुहाना खान के लिए भी यह फिल्म खास है, क्योंकि वह इसके जरिए बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत करेंगी। इससे पहले वह अभिनय की दुनिया में ओटीटी प्रोजेक्ट के जरिए कदम रख चुकी हैं।
टीजर में भी दिखा था दमदार एक्शन
हालांकि, फिल्म का टीजर अप्रैल में जारी किया गया था। इसके साथ ही रिलीज की तारीख भी सामने आई थी। टीजर में शाहरुख को कई एक्शन दृश्यों में देखा गया था। उनके संवाद ‘डर नहीं, दहशत हूं’ ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब नए पोस्टर में रोमांटिक अंदाज के साथ गुस्से की झलक ने फिल्म को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

