अमेरिका में बनेगा पंडोखर सरकार और नीम करौली बाबा का भव्य मंदिर, 7 एकड़ जमीन पर हुआ भूमि पूजन
मध्य प्रदेश के पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज ने अमेरिका के ग्रेटर ह्यूस्टन में प्रस्तावित मंदिर परिसर के लिए भूमि पूजन किया। भारतीय मूल के श्रद्धालुओं ने सात एकड़ जमीन दान की है। यहां पंडोखर सरकार और नीम करौली बाबा के मंदिर बनाए जाएंगे।


Pandokhar Sarkar Temple in America: मध्य प्रदेश के पंडोखर धाम की पहचान अब अमेरिका में भी मंदिर के रूप में स्थापित होने जा रही है। ग्रेटर ह्यूस्टन में पंडोखर सरकार और नीम करौली बाबा के मंदिर बनाए जाएंगे। इसके लिए भारतीय मूल के श्रद्धालुओं ने सात एकड़ जमीन दान की है, जहां निर्माण से पहले भूमि पूजन किया गया।
ग्रेटर ह्यूस्टन में मंदिर निर्माण की तैयारी
पंडोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अमेरिका के ग्रेटर ह्यूस्टन में प्रस्तावित मंदिर परिसर भारतीय मूल के श्रद्धालुओं की पहल का नतीजा है। पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज और पंडित विभू दत्त मिश्रा ने मंदिर के लिए तय जमीन पर भूमि पूजन और शिलान्यास किया। मंदिर निर्माण के लिए सात एकड़ भूमि दान में मिली है। इस परिसर में पंडोखर सरकार के साथ नीम करौली बाबा का मंदिर भी बनाया जाएगा।
एक परिसर में जुड़ेंगी दो आध्यात्मिक परंपराएं
बता दें, मंदिर बनने के बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों के लिए एक नया स्थान मिल सकता है। दोनों मंदिरों का एक ही परिसर में निर्माण श्रद्धालुओं को अलग-अलग आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर देगा।
प्रस्तावित परिसर को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना भी बताई गई है। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ भारतीय संस्कारों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों को बढ़ावा देने की संभावना है।
अमेरिका में धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हैं गुरुशरण महाराज
पंडोखर धाम ट्रस्ट के सचिव के अनुसार, गुरुशरण महाराज इन दिनों अमेरिका में हैं। वहां वे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सनातन धर्म से जुड़े विषयों पर लोगों के बीच अपनी बात रख रहे हैं। इसी दौरान ग्रेटर ह्यूस्टन में मंदिर निर्माण की पहल आगे बढ़ी है।
भिंड में स्थित है पंडोखर धाम
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण शर्मा हैं। यहां नियमित रूप से दरबार आयोजित होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। गुरुशरण महाराज पर्ची के जरिए लोगों की समस्याओं और उनके भविष्य के बारे में बताने के लिए जाने जाते हैं। वे कथित बाधाओं को दूर करने का दावा भी करते हैं।
.jpg&w=3840&q=75)