माइक्रोसॉफ्ट के 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर, 1 साल की मिलेगी सैलरी
माइक्रोसॉफ्ट ने लेवल 70 या उससे नीचे के पात्र कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट स्कीम निकाली है। भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के कर्मचारी इसके दायरे में आ सकते हैं। प्रस्ताव के तहत ग्रेड के आधार पर एक साल तक की सैलरी के बराबर भुगतान मिल सकता है।


Microsoft Voluntary Exit Offer: माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कर्मचारियों की संख्या कम करने के लिए वॉलंटरी एग्जिट स्कीम निकाली है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के बदले एकमुश्त रकम देने का प्रस्ताव है। इस दायरे में भारत समेत चार देशों के कर्मचारी आ सकते हैं। कंपनी ने यह कदम AI और तकनीकी ढांचे पर बढ़ते निवेश को लेकर उठाया है।
किन कर्मचारियों को मिल सकता है ऑफर?
सूत्रों के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका, भारत, कनाडा और ब्रिटेन में लेवल 70 या उससे नीचे के पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यह योजना तैयार की है। कंपनी में करीब 2.23 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें लगभग 23 हजार भारत में काम करते हैं।
हालांकि, मामले में करीब 60 हजार कर्मचारी दायरे में आ रहें है। लेकिन इनमें से वास्तव में कितने लोगों को यह ऑफर मिलेगा, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। पात्र कर्मचारियों को ईमेल के जरिए सूचना देने और 1 दिसंबर तक फैसला लेने की समयसीमा तय की गई है।
नौकरी छोड़ने पर कितना पैसा मिलेगा?
बता दें, इस योजना के तहत कर्मचारियों को उनके ग्रेड के आधार पर एक साल तक की सैलरी के बराबर रकम एकमुश्त मिल सकती है। हालांकि, हर कर्मचारी को कितनी राशि मिलेगी, यह उसकी पात्रता और कंपनी की शर्तों पर निर्भर करेगा।
वॉलंटरी एग्जिट का मतलब है कि कर्मचारी अपनी इच्छा से कंपनी छोड़ने का विकल्प चुन सकता है। जो कर्मचारी इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेंगे, वे अपनी मौजूदा भूमिका में काम जारी रख सकते हैं या उन्हें किसी दूसरी टीम में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
AI पर खर्च के बीच कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी
माइक्रोसॉफ्ट लगातार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीकी ढांचे में निवेश कर रही है। ऐसे में कंपनी अपने खर्च और कर्मचारियों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। वॉलंटरी एग्जिट के जरिए कंपनी कर्मचारियों को खुद नौकरी छोड़ने का विकल्प दे रही है। यदि इस योजना से कंपनी को अपेक्षित बचत नहीं होती, तो भविष्य में दूसरे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
पहले भी नौकरियों में कटौती कर चुकी है कंपनी
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने 2025 में मई और जुलाई के दौरान करीब 15 हजार कर्मचारियों की नौकरियों पर असर डालने वाले कदम उठाए थे। इसके बाद जुलाई 2026 में भी लगभग 4,800 पद खत्म किए थे।
कंपनी ने पहले कहा था कि वह बदलती तकनीक के मुताबिक अपने कामकाज को ढालने और जरूरी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए संगठन में बदलाव कर रही है। नई वॉलंटरी एग्जिट स्कीम भी इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
CPO ने कहा- कर्मचारियों के लिए नए अवसरों पर भी ध्यान
कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कहा कि वॉलंटरी एग्जिट ऑफर माइक्रोसॉफ्ट के लिए नया प्रयोग है और कंपनी इससे सीखने की कोशिश करेगी। उन्होंने कर्मचारियों के जरूरी कामों पर ध्यान देने, नई क्षमताएं सीखने और कंपनी के भीतर ही दूसरी भूमिकाओं के अवसर तलाशने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हर टीम और कर्मचारी की जरूरत अलग होती है, इसलिए सभी के लिए एक जैसा तरीका अपनाना जरूरी नहीं है।
