Pachmarhi News: नाबालिग से गंभीर वारदात, दोस्त को बंधक बनाकर जंगल ले गए आरोपी ; जानिए पूरा मामला
Pachmarhi News: मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में 17 वर्षीय छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने छात्रा और उसके दोस्त को जंगल में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

Pachmarhi News: मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले दो युवकों पर वारदात में शामिल होने का आरोप है। आरोप है कि तीनों ने छात्रा के दोस्त को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग छात्रा को जंगल में ले गए आरोपी
मामले को लेकर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता पचमढ़ी में पढ़ाई करती है। 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे उसका एक स्कूल फ्रेंड उससे मिलने पचमढ़ी आया था। जिसके बाद बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी ड्राइवर हरिओम से हुई। उस समय हरिओम के साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। इसके बाद सभी हरिओम की जिप्सी से घूमने निकले। आरोपी उन्हें दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल में ले गए। वहां आरोपियों ने दोनों को डराया-धमकाया और विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया। इसके बाद छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
डर के कारण स्कूल जाना छोड़ा
बता दें घटना के बाद छात्रा काफी डरी हुई थी और उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। जब उसकी बड़ी बहन ने इसकी वजह पूछी तो छात्रा ने उसे पूरी घटना के बारे में बताया। जिसके बाद परिजन उसे लेकर पचमढ़ी थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।
तीन आरोपियों पर केस दर्ज
वहीं पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने जिप्सी चालक हरिओम और उसके दो साथियों पवन बंसल तथा अभिषेक वंशकार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं और POCSO Act के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही मामले में पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पर्यटन स्थल की सुरक्षा पर सवाल
पचमढ़ी मध्य प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय परिवहन और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पर्यटकों, खासकर महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

