भोपाल के VIP रोड पर कॉलेज बस पलटी, 11 घायल; एक का पैर फ्रैक्चर
भोपाल के VIP रोड पर कॉलेज बस पलटने से 11 घायल हो गए। एक छात्र का पैर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे की आंख में चोट आई। कई को मामूली चोटें लगी हैं। हादसे के दौरान एक पोल भी टूट गया। कोहेफिजा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

Bhopal VIP Road Bus Accident: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के VIP रोड पर कॉलेज बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बस में सवार करीब 10 से 11 छात्र और स्टाफ घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज हमीदिया अस्पताल में जारी है। हादसे के दौरान एक पोल भी टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हादसे में तीन छात्र घायल
जानकारी के अनुसार, VIP रोड पर कॉलेज बस पलटने से उसमें सवार विद्यार्थियों और बस में सवार स्टाफ सहित करीब 10 से 11 घायल हुए हैं। इनमें बस स्टाफ के तीन सदस्य भी शामिल हैं। घायलों में एक छात्र का पैर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे छात्र की आंख में चोट लगी है। कई छात्र और स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को हमीदिया अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।
हादसे के दौरान टूटा पोल
वहीं, बस पलटने के दौरान सड़क किनारे लगा एक पोल भी टूट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोहेफिजा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
