Narmadapuram Robbery: नर्मदापुरम में 4 नकाबपोश चोरों का आतंक, 30 मिनट तक कॉलोनी में मचाया उत्पात
Narmadapuram Robbery: नर्मदापुरम की साईं दर्शन कॉलोनी में चार नकाबपोश चोर करीब 30 मिनट तक बेखौफ घूमते रहे। उन्होंने दो सूने मकानों के ताले तोड़े और फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
Narmadapuram Robbery: नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हरदा बायपास क्षेत्र साईं दर्शन कॉलोनी का है, जहां गुरुवार देर रात चार नकाबपोश चोर करीब आधे घंटे तक बेखौफ होकर कॉलोनी में घूमते रहे। फिर उन्होंने दो सूने मकानों के ताले तोड़े और वारदात के बाद बाउंड्रीवाल फांदकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
30 मिनट तक कॉलोनी में घूमते रहे चोर
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मालूम हुआ कि, चारों नकाबपोश चोर देर रात कॉलोनी में दाखिल हुए और करीब 30 मिनट तक अलग-अलग मकानों की रेकी करते रहे। इसके बाद उन्होंने दो बंद मकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी कॉलोनी की बाउंड्रीवाल फांदकर पास के खेतों की ओर भाग निकले।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
यह घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चारों आरोपी नकाब पहने दिखाई दे रहे हैं। बताय जा रहा है कि इनमें से एक आरोपी अर्धनग्न अवस्था में भी नजर आया। साथ ही वीडियो में एक चोर मकान के बाहर रखी कुर्सी उठाकर बाउंड्रीवाल के पास रखता है और उसी की मदद से दीवार फांदकर फरार हो जाता है। पुलिस को मौके से खेतों में आरोपियों के पैरों के निशान भी मिले हैं।
पुलिस जांच में जुटी, लोगों ने बढ़ाई गश्त की मांग
चोरों ने शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त लैब असिस्टेंट बी.एम. लोवंशी और शुभम दुबे के सूने मकानों को निशाना बनाया। इसके अलावा अग्रवाल एग्जिटिका कॉलोनी में भी चोरी की कोशिश की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शुक्रवार सुबह फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। रहवासियों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।