सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, 20 हजार तक बढ़ेगी की सैलरी; CM मोहन यादव ने दिया आश्वासन
मध्यप्रदेश में सफाईकर्मियों ने CM डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद तीन दिन की हड़ताल खत्म कर दी। सरकार 25 दिवसीय कर्मचारियों को विनियमितीकरण में शामिल कर वेतन 18 से 20 हजार रुपए करने और दैनिक वेतनभोगियों को स्थायी करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।

MP Sanitation Workers Strike Ends: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया। सरकार ने वेतन बढ़ाने, नियमितीकरण और अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। मध्यप्रदेश में तीन दिन से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने काम पर लौटने का ऐलान किया। इसके साथ ही भोपाल में कई इलाकों में सफाई व्यवस्था दोबारा शुरू हो गई है। नरेला विधानसभा क्षेत्र में भी सफाईकर्मी काम पर लौट आए हैं।
20 हजार बढ़ेगी सैलरी
जानकारी के अनुसार, सरकार ने 25 दिवसीय वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों को विनियमितीकरण की प्रक्रिया में शामिल करने का भरोसा दिया है। इससे उनका मासिक वेतन बढ़कर करीब 20 हजार रुपए हो सकता है। वहीं, 29 दिवसीय और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थायी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इसके लिए एक महीने के भीतर कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया गया है।
CM से बातचीत के बाद काम पर लौटे कर्मचारी
बता दें, हड़ताल खत्म होने के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, महापौर मालती राय और नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार सफाईकर्मियों के साथ 10 नंबर मार्केट पहुंचे। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर सफाई अभियान चलाया। अधिकारियों ने भी झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भागीदारी की।
कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि पहले मंत्री कृष्णा गौर, महापौर और निगम कमिश्नर के साथ बैठक हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांगें रखी गईं। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि बातचीत सकारात्मक रही और सरकार ने मांगों पर आगे कार्रवाई का भरोसा दिया है।
चार मांगों को लेकर शुरू हुआ था आंदोलन
सूत्रों के मुताबिक, सफाईकर्मी वेतन वृद्धि समेत चार प्रमुख मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। इनमें वेतन बढ़ाना, कर्मचारियों का नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति और ठेका प्रथा खत्म करना शामिल है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन (7262) के प्रदेश मंत्री वसी सुल्तान ने कहा कि नगर निगम में करीब 7 हजार कर्मचारी 25 दिवसीय वेतन पर काम करते हैं। उन्हें हर महीने लगभग 10,500 रुपए मिलते हैं। कर्मचारियों का कहना था कि इतनी कम आय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
तीन दिन में सड़कों पर जमा हुआ 2,550 टन कचरा
वहीं, हड़ताल का असर भोपाल की सफाई व्यवस्था पर बड़े पैमाने पर पड़ा। तीन दिनों में शहर की सड़कों और कचरा संग्रहण केंद्रों पर करीब 2,550 टन कचरा जमा हो गया। घरों से कचरा उठाने वाली 400 से ज्यादा गाड़ियां गार्बेज स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
शहर में 17 गार्बेज स्टेशन हैं, जहां से कैप्सूल टैंकरों के जरिए कचरा आदमपुर छावनी पहुंचाया जाता है। कलेक्शन बंद रहने से कई जगह डस्टबिन भर गए और कचरा सड़कों तक फैल गया। कुछ स्थानों पर लोगों ने कचरे में आग भी लगा दी, जिससे प्रदूषण की समस्या बढ़ी।
हड़ताल के दौरान भोपाल के पॉश और प्रशासनिक इलाकों में भी सफाई नहीं हो सकी। मंत्रालय और वल्लभ भवन के आसपास कचरा जमा रहा। चार इमली, जहां कई मंत्रियों और वरिष्ठ IAS-IPS अधिकारियों के बंगले हैं, वहां भी सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।

