MP News: मंदिरों में चोरी अब पुलिस की टॉप प्रायोरिटी, 55 जिलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश; 24 घंटें में हुए कई खुलासे
MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने मंदिरों और धार्मिक स्थलों में चोरी को पुलिस की टॉप प्रायोरिटी में शामिल किया है। सभी 55 जिलों के SP को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

MP News: अयोध्या के राम मंदिर में दानपेटी से जुड़े विवाद के बाद मध्य प्रदेश में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों में होने वाली चोरी को पुलिस की प्राथमिकता सूची में शामिल किया है। सभी 55 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
धार्मिक स्थलों की चोरी पर अब तत्काल एक्शन
सरकार ने निर्देश देते हुए कहा कि मंदिरों में चोरी के मामलों को सामान्य अपराध की तरह लंबित नहीं रखा जाएगा। पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल की जांच, आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही चोरी की गई धार्मिक सामग्री की भी बरामदगी पर तेजी से काम किया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता केवल आरोपियों तक पहुंचना नहीं, बल्कि चोरी हुई मूर्तियों, आभूषणों, दानपेटियों और अन्य धार्मिक सामान को सुरक्षित बरामद करना भी होगी।
चार जिलों में तेजी से खुलासे
जानकारी के अनुसार, सरकार के नए निर्देशों के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस कार्रवाई तेज हुई है। इसी महीने पांढुर्ना, छतरपुर, धार और बड़वानी में मंदिर चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी की गई धार्मिक सामग्री भी बरामद की गई।
पांढुर्ना में 24 घंटे में तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा
पांढुर्ना में 22 अगस्त को तीन मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 7 मूर्तियां, दानपेटियां, मुकुट, घंटियां और करीब 56,849 रुपये की नकदी बरामद की गई।
नैनागिरी में तीन मंदिरों पर एक साथ चोरी
छतरपुर के नैनागिरी क्षेत्र में 13 अगस्त को तीन मंदिरों में चोरी की वारदात हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के मामले से जुड़े सामान के साथ मोटरसाइकिल, कटर मशीन, ब्लेड और अन्य औजार जब्त किए। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए वारदात की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
धार में चांदी के आभूषण बरामद
धार जिले में 22 अगस्त को एक प्रमुख मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए करीब 2.30 लाख रुपये कीमत की धार्मिक सामग्री बरामद की। बरामद सामान में चांदी के मुकुट, कुंडल, तीन छत्र और अन्य आभूषण शामिल हैं।
बड़वानी में CCTV से आरोपी तक पहुंची पुलिस
बड़वानी के मंगलनाथ हनुमान मंदिर में 21 अगस्त को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों को जांच का आधार बनाया। जांच के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की गई दानपेटी और अन्य सामान बरामद किया गया है।
जुलाई में भोपाल पुलिस ने पकड़ा था अंतरराज्यीय गिरोह
बता दें, धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई इससे पहले भी सामने आ चुकी है। जुलाई में भोपाल पुलिस ने भोपाल, रायसेन और विदिशा में सक्रिय छह सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 चांदी के मुकुट और करीब 4 लाख रुपये कीमत की अन्य धार्मिक सामग्री बरामद की थी। गिरोह के सरगना पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में आरोपी ने 12 से ज्यादा मंदिरों में चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात बताई थी।

