CM Mohan Yadav: CM मोहन यादव ने दादाजी धूनीवाले धाम में किए दर्शन, विकास कार्यों को गति देने का ऐलान
CM Mohan Yadav: खंडवा के प्रसिद्ध दादाजी धूनीवाले धाम को सरकार भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दर्शन-पूजन के बाद कहा कि धाम की मर्यादा और परंपराओं का पालन करते हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
CM Mohan Yadav: खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा के प्रसिद्ध दादाजी धूनीवाले धाम में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय मीडिया से बातचीत में कहा कि धूनीवाले दादाजी का पूरा जीवन जनसेवा और लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में सर्वधर्म सद्भाव का संदेश दिया और जरूरतमंदों को भोजन कराने के साथ भक्तों के कष्ट दूर करने को हमेशा प्राथमिकता दी।
दादाजी धाम में महसूस होती है आध्यात्मिक शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि दादाजी धूनीवाले धाम दूसरे धार्मिक स्थलों से अलग अपनी एक विशेष पहचान रखता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बाहरी दिखावे के बजाय भीतर से शांति और आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव होता है। बड़े दादाजी और छोटे दादाजी से जुड़ा यह पवित्र स्थान खंडवा ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए आस्था और गौरव का केंद्र है।
निर्माण कार्यों को लेकर मतभेद, सरकार निकाल रही समाधान
CM मोहन यादव ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से दादाजी धूनीवाले धाम में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर अलग-अलग तरह की मतभिन्नताएं सामने आती रही हैं। राज्य सरकार इन सभी समस्याओं का समाधान निकालकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि धाम की धार्मिक मान्यताओं और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए ही यहां विकास कार्य किए जाएंगे। सरकार नियम और संयम का पूरा पालन करते हुए दादाजी के आशीर्वाद से इस पवित्र धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।