20 साल बाद CISF की कॉम्बैट यूनिफॉर्म में बड़ा बदलाव, दिवाली से नए लुक में दिखेंगे दो लाख से ज्यादा जवान; जानें नई वर्दी की खासियत
CISF करीब 20 साल बाद अपनी कॉम्बैट यूनिफॉर्म बदलने जा रहा है। नई वर्दी में डिजिटल पिक्सेल पैटर्न, चार-पांच रंगों का मिश्रण और सूती कपड़े का इस्तेमाल होगा। बदलाव दिवाली से शुरू होकर अगले साल 26 जनवरी तक दो लाख से अधिक जवानों और अधिकारियों के लिए लागू करने की योजना है।


CISF New Uniform: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान अब नए अंदाज में नजर आएंगे। करीब दो दशक बाद बल की कॉम्बैट यूनिफॉर्म का लुक बदला जा रहा है। नई वर्दी में आधुनिक डिजिटल पिक्सेल पैटर्न के साथ कई रंगों का इस्तेमाल किया गया है। इसकी शुरुआत दिवाली से होगी और अगले साल 26 जनवरी तक फील्ड और ऑपरेशंस ड्यूटी करने वाले दो लाख से अधिक जवानों और अधिकारियों को नई यूनिफॉर्म में लाने की योजना है।
दो दशक बाद बदला यूनिफॉर्म का डिजाइन
बता दें, CISF ने लगभग 20 साल से चली आ रही कॉम्बैट वर्दी को नया रूप देने का फैसला किया है। इस बदलाव के लिए गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद यूनिफॉर्म की खरीद से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे पहले CRPF और BSF भी अपनी पुरानी कॉम्बैट यूनिफॉर्म की जगह नए डिजाइन वाली वर्दी अपना चुके हैं। अब CISF के जवानों के पहनावे में भी बदलाव किया जा रहा है। नई यूनिफॉर्म चरणबद्ध तरीके से लागू होगी, ताकि तय समय तक फील्ड ड्यूटी करने वाले सभी संबंधित कर्मियों को इसमें शामिल किया जा सके।
डिजिटल पिक्सेल पैटर्न होगा नई वर्दी की पहचान
सूत्रों के मुताबिक, नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म में बड़े-बड़े धब्बों की जगह छोटे डिजिटल पिक्सेल जैसे डिजाइन रखे गए हैं। इसमें ऑलिव ग्रीन, खाकी ग्रीन, ब्राउन और हल्के काले रंग समेत चार से पांच रंगों का मिश्रण होगा। इस तरह के पैटर्न को अलग-अलग परिस्थितियों में पहचानना अपेक्षाकृत मुश्किल बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसका डिजाइन सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है और इसकी हूबहू नकल करना भी आसान नहीं होगा।
सूती कपड़े से तैयार होगी यूनिफॉर्म
नई वर्दी में मुख्य रूप से सूती कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। इससे जवानों को ड्यूटी के दौरान आराम मिलेगा और पसीना भी जल्दी सूख सकेगा। लंबे समय तक फील्ड में रहने वाले कर्मियों को ध्यान में रखकर कपड़े का चयन किया गया है। यूनिफॉर्म के साथ बेसबॉल कैप भी दी जाएगी। इसके सामने CISF का लोगो लगा होगा, जिससे बल की पहचान साफ दिखाई देगी।
26 जनवरी तक लागू करने की तैयारी
हालांकि, नई वर्दी को एक साथ सभी कर्मियों पर लागू करने के बजाय चरणों में उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी शुरुआत दिवाली से होनी है और अगले साल 26 जनवरी तक फील्ड तथा ऑपरेशनल ड्यूटी में तैनात जवानों और अधिकारियों के लिए बदलाव पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बदलाव के साथ CISF की कॉम्बैट यूनिफॉर्म को नया रूप मिलेगा। इसके डिजाइन में जवानों की सुविधा और सुरक्षा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखा गया है।