काजी कैंप में मिसाइल पर बवाल: ओवैसी ने दी चुनौती, तो रामेश्वर शर्मा बोले- 230 सीटों पर चटाएंगे धूल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में काजी कैंप पर मिसाइल गिराने को लेकर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच भारी जुबानी जंग छिड़ गई है। शर्मा ने ओवैसी को जिन्ना की औलाद तक कह दिया है।

भोपाल में मिसाइल के बयान पर आमने-सामने दो दिग्गज
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। यहां काजी कैंप पर मिसाइल गिराने वाले पुराने बयान को लेकर एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा के फायरब्रांड विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई है। दरअसल, बीते मंगलवार को ओवैसी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के विरोध में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने भोपाल पहुंचे थे। इसी मंच से उन्होंने शर्मा के मिसाइल वाले बयान पर खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वह काजी कैंप जाएंगे, अगर हिम्मत है तो मिसाइल गिराकर दिखाओ। ओवैसी की इस ललकार पर फौरन पलटवार करते हुए बीजेपी विधायक ने उन्हें सीधे तौर पर 'जिन्ना की औलाद' करार दे दिया।
'जो आतंकवाद को बढ़ावा देगा, वहीं गिरेगी हमारी मिसाइल'
रामेश्वर शर्मा ने ओवैसी के हर वार का कड़ा जवाब दिया है। शर्मा ने कहा कि वह ओवैसी की हर चुनौती को स्वीकार करते हैं और उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ओवैसी कान खोलकर सुन लें, तुम्हारे पुर्खों ने पहले भी कई मुगालते पाले थे, जिन्हें भारत ने हमेशा के लिए दूर कर दिया है। 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार ने आतंकी ठिकानों पर करारे हमले किए हैं और इन ठिकानों को चलाने वाली इस्लामाबाद की सरकार को तहस-नहस करने के लिए पूरी ताकत मैदान में उतार दी है। विधायक ने खुली चेतावनी दी कि जो कोई भी आतंकवाद या नक्सलवाद को बढ़ावा देगा, उस पर हमारी मिसाइलें जरूर गिरेंगी और भारत सरकार की यह कड़ी कार्रवाई यूं ही जारी रहेगी।
'हिंदुस्तान में भटक रही हैं जिन्ना की औलादें'
शर्मा इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने ओवैसी के साथ-साथ राहुल गांधी को भी निशाने पर ले लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया गया, उससे सिर्फ पाकिस्तान में ही नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के अंदर भी ओवैसी और राहुल गांधी जैसी जिन्ना की औलादें बुरी तरह भटक रही हैं और अपना जहर फैला रही हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि ये लोग देश के अंदर जानबूझकर हिंदू और मुसलमान के बीच तनाव पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने साफ किया कि ऐसे लोगों को हर कीमत पर आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा और भारत की मिसाइल वहां जरूर गिरेगी, जहां भारत के खिलाफ कोई भी आतंकवादी पैदा होगा।
'दम है तो 230 सीटों पर लड़ें, धूल चटाकर क्लीन बोल्ड करेंगे'
बीजेपी विधायक ने हैदराबाद का जिक्र कर ओवैसी को उनकी हैसियत याद दिलाई। शर्मा ने कहा कि ओवैसी चाहें जहां खड़े हों या भाग जाएं, रामेश्वर शर्मा हर जगह उनके सामने खड़ा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद किसी के बाप का नहीं है; वहां भी सरदार पटेल ने नवाब से चुपचाप हस्ताक्षर करवाकर उसे हिंदुस्तान में मिला लिया था। इसलिए ओवैसी अपनी औकात में रहें। शर्मा ने कहा कि हैदराबाद ही नहीं, वो दिन दूर नहीं जब इस्लामाबाद में भी भारत का तिरंगा फहराएगा और वंदेमातरम गाया जाएगा। उन्होंने चुनौती दी कि अगर दम है तो मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़कर दिखाएं, उन्हें धूल चटाकर क्लीन बोल्ड कर दिया जाएगा।
'मौलवियों के साथ मिलकर हलाला करवाना चाहते हैं ओवैसी'
UCC के मुद्दे पर शर्मा ने कहा कि ओवैसी कांग्रेस की भाषा बोलना बंद करें, क्योंकि वह और राहुल गांधी खाने से लेकर बात करने तक सिर्फ हिंदू-मुस्लिम करना चाहते हैं। शर्मा ने पूछा कि क्या तुमको भारत के कानून से नफरत है? खुद बाबा साहब अंबेडकर चाहते थे कि देश में एक समान नागरिक कानून लागू हो। उन्होंने तंज कसा कि हिंदू का वोट लेने के लिए सभी राजनीति कर रहे हैं, लेकिन हिंदू का कानून नहीं मान रहे। शर्मा ने ओवैसी पर सीधा आरोप लगाया कि तुम मुल्ला-मौलवियों का सपोर्ट करते हो और मुस्लिम बहनों के साथ हलाला जैसा घोर अन्याय करवाना चाहते हो, लेकिन ये हम हरगिज नहीं होने देंगे।
ओवैसी ने अपनी रैली में क्या कहा था?
इस पूरे बवाल की शुरुआत मंगलवार को ओवैसी के भोपाल दौरे से हुई थी। UCC के विरोध में जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने काजी कैंप पर मिसाइल गिराने के बयान पर रामेश्वर शर्मा पर जमकर हमला बोला था। ओवैसी ने ललकारते हुए कहा था, 'रामेश्वर शर्मा, तुम अगर माई के लाल हो तो काजी कैंप पर मिसाइल गिराकर दिखाओ। मैं अकेला वहां खड़ा रहूंगा। मैं शहीद होने को तैयार हूं और तुम लोगों के सामने कभी झुकने वाला नहीं हूं।' ओवैसी ने तंज कसते हुए यह भी कहा था कि तुम्हें अभी काजी के बारे में कुछ पता नहीं है, तुम खाना खाने के बाद बस भोपाल में ही एक मिसाइल गिरा सकते हो।
-1.jpg&w=3840&q=75)