Bhopal News: भोपाल में युवक ने तलवार लहराते हुए काटा बर्थडे केक, वीडियो वायरल होते ही FIR दर्ज
Bhopal News: भोपाल के कोलार रोड इलाके में जन्मदिन मनाने के दौरान तलवार लहराकर केक काटना युवक को भारी पड़ गया।
Bhopal News: राजधानी भोपाल में इंटरनेट मीडिया पर रौब दिखाने के चक्कर में एक युवक को अब कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। कोलार इलाके में जन्मदिन की पार्टी के दौरान युवक ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराते हुए उसी से केक काटा। जश्न का वीडियो उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
सड़क पर दोस्तों संग मनाया था जन्मदिन
कोलार रोड थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विशाल पाठक पिता राजेश पाठक, निवासी सर्वधर्म सी-सेक्टर, कोलार रोड के रूप में हुई है। बताया गया कि 21 अगस्त को उसने किड्स कैंपस स्कूल के पास दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाया था।
वायरल वीडियो से पुलिस तक पहुंचा मामला
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी पड़ताल शुरू की। सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन करने से लोगों में भय का माहौल बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर खुद को बताता है 'बीजेपी कार्यकर्ता'
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल की इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल पर वह खुद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता बताता है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम और दर्ज प्रकरण के आधार पर की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

