Betul Conversion Case: बैतूल प्रार्थना सभा में ऐसा क्या हुआ? धर्मांतरण के आरोप में दो पकड़े, एक फरार
Betul Conversion Case: बैतूल के घुघरी गांव में प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से धार्मिक ग्रंथ बरामद हुए हैं।
Betul Conversion Case: बैतूल के भैंसदेही थाना क्षेत्र के घुघरी गांव में प्रार्थना सभा को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने धर्मांतरण के लिए ग्रामीणों को कथित तौर पर प्रेरित करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से धार्मिक ग्रंथ भी बरामद किए गए हैं। मामले में एक आरोपी फरार है।
क्या है पूरा मामला ?
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी। घुघरी गांव में गुलाबराव इरपाचे के मकान पर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग मौके से निकल गए। इसके बाद पुलिस ने गुलाबराव इरपाचे, निवासी घुघरी और महादेव पिता कोचा पंद्राम, निवासी गदराझिरी को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके से धार्मिक ग्रंथ भी बरामद किए हैं।
पुलिस की पकड़ से एक आरोपी बाहर
अधिकारियों के अनुसार, मामले में गुणवंत पिता परसराम मालेवार, निवासी गदराझिरी का नाम सामने आया है। पुलिस के पहुंचने के दौरान वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सभा में शामिल लोगों की गतिविधियों और वहां हुई बातचीत की जांच की जा रही है।
प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप
बता दें, पुलिस की ओर से दर्ज मामले में आरोप लगाया गया है कि प्रार्थना सभा के दौरान ग्रामीणों को कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस आरोप के आधार पर मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंचे।
कोर्ट में पेश होंगे गिरफ्तार आरोपी
भैंसदेही थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को सोमवार को भैंसदेही न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपी गुणवंत मालेवार की तलाश जारी है।

