'मुझे फांसी दे दो, ये मेरी नाकामी है...’ बांग्लादेश में खसरे से बच्चों की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री ने आखिर क्यों मांगी सजा?
बांग्लादेश में खसरे के बढ़ते प्रकोप ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीमारी से 1,284 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या बच्चों की है। स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने जिम्मेदारी लेते हुए कहा, 'मुझे फांसी दे दो।'


Bangladesh Measles Outbreak: बांग्लादेश में खसरे के संक्रमण ने गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा कर दिया है। बीमारी की चपेट में आने से बच्चों की मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अब तक 1,284 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। बिगड़ते हालात के बीच देश के स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन का बयान सुर्खियों में है। उन्होंने इस स्थिति की जिम्मेदारी लेते हुए यहां तक कह दिया कि उन्हें फांसी दे दी जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने खुद को बताया जिम्मेदार
बता दें, ढाका में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से बच्चों की लगातार हो रही मौतों को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी उनकी है और यह उनकी नाकामी है। साथ ही मंत्री ने कहा, 'मुझे फांसी दे दो, ये मेरी नाकामी है। मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की है, लेकिन हालात नहीं सुधर पाए।' उन्होंने यह भी कहा कि इस संकट को पूरी सरकार की विफलता बताना सही नहीं होगा।
मासूम बच्चों पर सबसे ज्यादा कहर
जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश में खसरे का संक्रमण खासतौर पर छोटे बच्चों के लिए घातक साबित हो रहा है। मृतकों में बड़ी संख्या बच्चों की है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि संक्रमण का शिकार हुए कई बच्चों को पहले टीका नहीं लगाया गया था। इनमें छह महीने से कम उम्र के शिशु भी शामिल हैं। ऐसे में टीकाकरण की कमी और संक्रमण के तेजी से फैलने को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
वैक्सीन की कमी को लेकर सरकार पर उठे सवाल
वहीं, इस स्वास्थ्य संकट के बीच टीकाकरण अभियान को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मौजूदा व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। आलोचकों का आरोप है कि समय रहते टीकाकरण अभियान को प्रभावी तरीके से नहीं चलाया गया और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए पर्याप्त वैक्सीन का इंतजाम भी नहीं किया गया।
कई देशों से मंगाई गईं खसरे की वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्री ने वैक्सीन की आपूर्ति को लेकर भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि खसरे के टीके जर्मनी, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया समेत कई देशों से प्राप्त हुए हैं। साथ ही उन्होंने भारत से वैक्सीन की आपूर्ति को लेकर किए जा रहे दावों पर भी प्रतिक्रिया दी। कुल वैक्सीन आपूर्ति में भारत की हिस्सेदारी लगभग 8 प्रतिशत रही है।
क्या है खसरा और बच्चों के लिए कितना खतरनाक?
खसरा एक बेहद संक्रामक वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क और हवा के जरिए फैल सकती है। इसमें तेज बुखार, खांसी, नाक बहना, आंखों में लालिमा और शरीर पर लाल चकत्ते पड़ने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। छोटे बच्चों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। निमोनिया और मस्तिष्क में सूजन जैसी जटिलताएं भी पैदा हो सकती हैं। खसरे से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है।

