Farmers Protest Update : किसानों को कृषि मंत्री कंसाना ने दिया भरोसा! शिवराज सिंह से मूंग उपार्जन सीमा बढ़ाने का अनुरोध
Farmers Protest Update : कृषि मंत्री कंसाना ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
Farmers Protest Update : भोपाल। मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने समाधान की दिशा में अहम पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों से संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चार मंत्रियों की एक समिति गठित की गई है।
इस समिति में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री राकेश सिंह को शामिल किया गया है। समिति ने किसान प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी शुरू कर दी है।
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और सभी मुद्दों का शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मूंग खरीदी बढ़ाने के लिए केंद्र को भेजा संशोधित प्रस्ताव
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया है।
वर्तमान में भारत सरकार ने मध्यप्रदेश को 4.54 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य दिया है, लेकिन राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 8.06 लाख मीट्रिक टन करने का प्रस्ताव भेजा है।
मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस संबंध में पहले भी प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं और किसानों के हितों को देखते हुए जल्द निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
बंपर उत्पादन के चलते खरीदी बढ़ाने की जरूरत
जानकारी के अनुसार इस वर्ष मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का रकबा लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है और कुल उत्पादन 20.16 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचने का अनुमान है। उत्पादन और पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए प्रदेश में करीब 8 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे में मौजूदा खरीद लक्ष्य किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का पूरा लाभ दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। इसी कारण राज्य सरकार ने केंद्र से खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी खरीद का लाभ मिल सके।
पंजीकृत किसानों को एमएसपी का लाभ दिलाने पर जोर
प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी के लिए 3.47 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। हालांकि वर्तमान लक्ष्य के अनुसार अब तक केवल 82 हजार किसानों से ही मूंग की खरीदी हो पाई है।
कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत कुल संभावित उत्पादन का 40 प्रतिशत यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन का कोटा मध्यप्रदेश को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि इससे अधिक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा और भविष्य में दलहन उत्पादन के प्रति किसानों का उत्साह भी बना रहेगा।
संवाद और समन्वय से समाधान की उम्मीद
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार किसान संगठनों के संपर्क में है और गठित मंत्री समूह किसानों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहा है। मंत्रालय में हुई बैठक में कृषि विभाग के सचिव निशांत बड़वाड़े सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा किसानों के साथ निरंतर संवाद के जरिए मूंग खरीदी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

