हाइलाइट्स
-
भोपाल के ऐशबाग में होली के दौरान 25 वर्षीय प्रोफेसर कृष्णा नायक की मौत।
-
दोस्तों के साथ भांग पीने और डांस करने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत।
-
परिजनों का दावा 1 लीटर दूध में 6 भांग की गोलियां मिलाकर पी ली थीं।
-
पुलिस ने हार्ट अटैक की आशंका जताई, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार।
Bhopal Holi Incident : भोपाल। भोपाल के ऐशबाग इलाके में रहने वाले एक युवक की होली के दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोस्तों के साथ भांग पीने और नाचने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कृष्णा नायक (25) पुत्र उमेश नायक, निवासी ऐशबाग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
दोस्त के कमरे में जाकर गिरे बेहोश
पुलिस के अनुसार कृष्णा नायक ने बुधवार को दोस्तों के साथ होली खेली थी। इस दौरान उन्होंने भांग भी पी और काफी देर तक डांस किया। कुछ समय बाद घबराहट महसूस होने पर वे एक दोस्त के कमरे में चले गए, जहां अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
Harda News : हरदा में ग्रामीण पेयजल शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन नंबर जारी
दोस्त उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों का दावा: दूध में मिलाकर पी थी भांग
मृतक के रिश्तेदार बेनी प्रसाद शर्मा ने बताया कि कृष्णा ने दोस्तों के साथ रंग खेलने के बाद करीब एक लीटर दूध में भांग की छह गोलियां मिलाई थीं, जिसे उसने अकेले ही पी लिया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
निजी कॉलेज में थे प्रोफेसर
परिजनों के अनुसार कृष्णा नायक ने भोपाल के एक निजी संस्थान से बीटेक किया था। इसके बाद वे एक प्राइवेट कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में पढ़ा रहे थे। साथ ही वे एमपी नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में भी छात्रों को पढ़ाते थे।
फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों और दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।