Rahul Gandhi Indore visit : मध्य प्रदेश। भागीरथपुरा दूषित पानी कांड के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर आएंगे और दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इसी दिन कांग्रेस मध्य प्रदेश के हर ब्लॉक में सामूहिक उपवास का कार्यक्रम भी आयोजित कर सकती है।
कांग्रेस के संगठन प्रभारी संजय कामले ने बताया कि राहुल गांधी के इंदौर आगमन की तारीख एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) की तरफ से तय हो गई है। विस्तृत कार्यक्रम बनाने पर अभी चर्चा चल रही है।
गौरतलब है कि, इंदौर में दूषित पानी के कारण अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले को लेकर एमपी कांग्रेस ने 11 जनवरी को इंदौर में न्याय यात्रा का आयोजन किया था।
यात्रा में इंदौर और आसपास के 200 किलोमीटर क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए थे। इस यात्रा में जितेंद्र पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।