Raisen Bus Fire : रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार रात एक भीषण बस हादसा हुआ है। इंदौर से रीवा जा रही जय भवानी ट्रेवल्स की बस बम्हौरी ढाबे के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई नहीं, बल्कि टायर फटने से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी को जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
पहले टायर में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, बस करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। पीछे चल रहे एक ट्रक चालक ने बस के टायर में आग लगने का इशारा किया, लेकिन बस ड्राइवर ने नहीं रोकी। ट्रक चालक ने बस के आगे लगाकर जबरन रुकवाया।
तब तक टायर पूरी तरह जल चुका था और आग बस के अंदर फैल गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाने के लिए कूदने लगे। ढाबा संचालक बंटी खालसा और उनके कर्मचारियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
बस रुकते ही ड्राइवर और क्लीनर मौके से भाग निकले। देर रात तक यात्री सड़क पर फंसे रहे। बस कंपनी की ओर से कोई वैकल्पिक बस की व्यवस्था नहीं की गई। फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस का डीजल सड़क पर फैलने से वहां भी आग भड़क गई।
यात्रियों का सारा सामान जलकर राख
हादसे में एक इंदौर का परिवार भी सवार था, जो 12 जनवरी को मांझे से गर्दन कटने से मृत रघुवीर धाकड़ की अस्थियां प्रयागराज ले जा रहा था। परिवार ने बताया कि वे सदमे में हैं, लेकिन जान बच गई। यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया।
Betul Cow Smuggling : बैतूल में गोवंश से भरा ट्रक पकड़ाया, हिन्दू सेना ने 15 KM तक किया पीछा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे का मुख्य कारण टायर फटना बताया जा रहा है। बस की स्पीड ज्यादा होने से आग तेजी से फैली। पुलिस ने ड्राइवर और क्लीनर की तलाश शुरू कर दी है। बस मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।