Bhopal Road Accident : मध्य प्रदेश। भोपाल के कमला नगर और भदभदा पुल क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। CAT परीक्षा देकर MBA करने का सपना संजोए 22 वर्षीय योगेश पाल उर्फ राजा की एक अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मारकर निर्मम हत्या कर दी। हादसा इतना भयानक था कि वाहन का पहिया योगेश के सिर से गुजर गया, जिससे उसका चेहरा और सिर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह कुचल गया। दोनों आंखें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
योगेश बागसेवनिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था। उसने पिछले साल बीकॉम पूरा किया था और इस बार MBA करने के लिए CAT परीक्षा दी थी। पिछले साल वह परीक्षा पास नहीं कर पाया था, इसलिए इस बार फिर जोर-शोर से तैयारी की थी।
रविवार को परीक्षा देकर वह बहुत खुश था। देर रात तक रातीबड़ में अपने दोस्त से मिला और परीक्षा के बारे में लंबी बातचीत की। इसके बाद वह बाइक से दोस्त को छोड़ने गया और लौटते समय भदभदा पुल के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
Harda News : बाइक हादसे में घायल युवक की मौत, पिता ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
सुबह जब परिजनों को सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया। योगेश के पिता सरकारी आयुर्वेदिक अस्पताल में फिजियोथेरेपिस्ट हैं। बड़ा भाई प्राइवेट नौकरी करता है। योगेश घर का सबसे छोटा और लाडला बेटा था। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हत्यारे वाहन की तलाश शुरू कर दी है। कमला नगर टीआई के नेतृत्व में टीम भदभदा पुल और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस का मान रही है कि कोई तेज रफ्तार ट्रक या कंटेनर योगेश को कुचलकर भाग निकला। अभी तक वाहन और चालक का कोई सुराग नहीं मिला है। जांच जारी है।