MP News : हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम भागपुरा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। गांव की 16 वर्षीय किशोरी वंदना ने अपने ही घर में फांसी लगा ली। इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा छा गया और परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतिका के पिता ने बताया कि वे उस दिन फसल बेचने हरदा मंडी गए हुए थे। घर पर वंदना अपनी मां के साथ थी। कुछ दिनों से वंदना की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। मां उसे डॉक्टर को दिखाने ले जाना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने वंदना को घर पर रुकने को कहा और खुद पैसे निकालने बैंक चली गईं।
जब मां कुछ देर बाद घर लौटीं तो जो नजारा देखा, उससे उनके होश उड़ गए। उनकी बेटी वंदना कमरे में दुपट्टे से फंदे पर लटकी हुई थी। मां ने चीख-पुकार मचाई। पड़ोसी दौड़े आए। सूचना मिलते ही मंडी में मौजूद पिता भी फौरन घर पहुंच गए।
परिजन वंदना को तुरंत हरदा के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बाद में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
PM Shri Heli Tourism : पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा आज से शुरू, महाकाल-ओंकारेश्वर अब सिर्फ 40 मिनट दूर
छीपाबड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और मर्ग कायम कर लिया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या की सही वजह का पता नहीं चल सका है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
वंदना तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उसका एक बड़ा भाई और एक छोटा भाई है। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और खेती-बाड़ी से गुजारा करता है। गांव वाले भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।