MP News : नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में पुलिस विभाग को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। जावद थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मनोज यादव ने कथित तौर पर शराब पीकर कार चलाई और जावद रोड पर भरभड़िया गांव की घाटी के पास तेज रफ्तार से कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज में शिक्षक दशरथ सिंह (42 वर्ष) निवासी जावद के रूप में हुई।
दशरथ अपनी पत्नी ललिता बाई (35 वर्ष), 10 साल के बेटे हर्षित और 6 साल की बेटी जया के साथ मोटरसाइकिल पर सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मारी। दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी टक्कर में अठाना निवासी भोपाल सिंह (44 वर्ष, पिता नारायण सिंह) भी चोटिल हुए। सभी घायलों को राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दशरथ को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बच्चों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद एएसआई मनोज यादव कार से बाहर निकले, लेकिन नशे में इतने धुत थे कि ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे। उनकी सांसों और कार से शराब की तेज गंध आ रही थी।
गुस्साए लोगों ने कार की तलाशी ली तो अंदर से शराब की बोतल और खाली गिलास बरामद हुआ। कार का नंबर HR 99 ABS (टेम्प) 1491 बताया जा रहा है। यह कार जावद की ओर से आ रही थी और नीमच से जावद जा रही बाइक्स को रौंदते हुए आगे निकली।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में जुट गए। दो मासूम बच्चों के घायल होने से गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नारेबाजी की। स्थिति बेकाबू होती देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने एएसआई मनोज यादव के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने, नशे में ड्राइविंग और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच के आधार पर एएसआई मनोज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच के आदेश दिए गए।