MP GST Raid : हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में सोमवार शाम (22 सितंबर 2025) से जीएसटी विभाग ने एक कंस्ट्रक्शन कंपनी पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। छीपानेर रोड स्थित ज्योति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय में जीएसटी चोरी की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। भोपाल से 20 सदस्यीय टीम ने छापेमारी करने पहुंची।
जीएसटी भोपाल के डिप्टी कमिश्नर युवराज पाटीदार ने बताया कि यह कार्रवाई मंगलवार तक जारी रहेगी। कंपनी के कार्यालय में किसी को भी प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है और टीम दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स और कंप्यूटरों की बारीकी से जांच कर रही है।
भुगतान और रिटर्न में मिसमैच
ज्योति कंस्ट्रक्शन कंपनी शासकीय कार्यों के निर्माण का ठेका लेने वाली प्रमुख फर्म है। जीएसटी भोपाल के डिप्टी कमिश्नर युवराज पाटीदार ने बताया कि यह एक रूटीन जांच है, जो सरकार से मिलने वाले भुगतानों के बाद जीएसटी जमा करने को लेकर की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर पाटीदार ने कहा “कंपनी के जीएसटी रिटर्न में भुगतान के आंकड़ों से मिसमैच मिला है, जिसके आधार पर छापा मारा गया”।
Navratri Procession Accident : काली प्रतिमा की शोभायात्रा में हादसा, आतिशबाजी की चिंगारी से लगी आग
भोपाल से चार वाहनों में आई टीम ने शाम 6 बजे कार्यालय पर कब्जा कर लिया। दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं और कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। स्थानीय होटल से टीम के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की गई है, ताकि जांच बिना रुकावट चले।
कंपनी के मालिक या प्रतिनिधि ने अभी कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ज्योति कंस्ट्रक्शन कई सरकारी प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, जैसे सड़क निर्माण और पुल। अगर मिसमैच साबित हुआ, तो लाखों-करोड़ों का टैक्स बकाया उजागर हो सकता है।