MP Accident News : छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बैतूल-छिंदवाड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। लावाघोगरी से छिंदवाड़ा मार्ग पर साधुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी। इस दौरान चार साधुओं की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो में सवार साधू बैतूल के बालाजीपुरम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सांसद विवेक बंटी साहू से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बोलेरो सवार सभी चित्रकूट के रहने वाले हैं।
ये है पूरा मामला
दरअसल, बीते दिन शुक्रवार शाम का वह पल, जब बैतूल बालाजीपुरम से दर्शन कर लौट रही बोलेरो में सात साधु सवार थे। सब कुछ सामान्य लग रहा था, तभी टेमनी गांव के पास अचानक टायर फट गया। चालक ने गाड़ी संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पानी से भरे कच्चे कुएं में धड़ाम से गिर पड़ी।
कुआं इतना गहरा था कि गाड़ी पूरी तरह डूब गई। तीन साधु- मखंजू गिरी (27), शिवपूजन गिरी (60) और चालक राकेश गिरी (32) – ने हिम्मत दिखाई और समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। लेकिन झटका इतना जोरदार था कि ये तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में उनका इलाज चल रहा है, और डॉक्टरों ने कहा कि हालत स्थिर है लेकिन खतरा टला नहीं।
हादसे की खबर मिलते ही माहौल में सन्नाटा छा गया। स्थानीय लोग, पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम फौरन मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ – तीन शव तो तुरंत निकाल लिए गए, लेकिन चौथा शव देर रात तक कुएं से बाहर लाने की जद्दोजहद चलती रही।
डीएसपी आरपी चौबे ने बताया, “टायर फटने से गाड़ी बेकाबू हो गई और सीधे कुएं में जा गिरी। हमने पूरी कोशिश की, लेकिन पानी और गहराई ने काम मुश्किल कर दिया।”
जिला अस्पताल के डॉक्टर विकास सिंह ने पुष्टि की कि चार साधुओं की मौत हो चुकी है, और उनके शव मॉर्चरी में रखे गए हैं। पीड़ित साधु शिवपूजन गिरी ने अस्पताल के बेड से रोते हुए कहा, “हम सब चित्रकूट से बालाजीपुरम दर्शन को गए थे। रास्ते में सब ठीक था, लेकिन टायर फटते ही सब उलट-पुलट हो गया। ड्राइवर ने ब्रेक मारा, लेकिन गाड़ी कुएं की ओर लुढ़क गई।
ये साधु चित्रकूट से विशेष रूप से बालाजीपुरम मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। भक्ति का यह सफर इतने दुखद अंत पर समाप्त हो गया, कि आसपास के लोग भी शोक में डूब गए। हादसे की खबर फैलते ही छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की, हालचाल जानी और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के सख्त निर्देश दिए।
सांसद ने कहा, “यह दुखद घटना है। परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। सड़क सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा।” प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।