PM Modi in Dhar : धार, मध्य प्रदेश। 22 सितंबर नवरात्रि के पहले दिन से नए जीएसटी सुधार लागू हो रहे हैं। हमें भारतीय उत्पाद खरीदकर इनका लाभ उठाना होगा। हर दुकान पर एक बोर्ड लगा होना चाहिए जिस पर लिखा हो, ‘गर्व से कहो, यह स्वदेशी है’। राज्य सरकारों को इसके लिए अभियान चलाना चाहिए। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार 17 सिंतबर को मध्य प्रदेश के धार में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही है।
विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भर भारत से
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह त्योहारों का समय है। आपको ‘स्वदेशी’ उत्पादों के मंत्र को दोहराते रहना होगा। मेरा अनुरोध है कि 140 करोड़ भारतीय, आप जो भी खरीदें, वह भारत में बना होना चाहिए। विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भर भारत से होकर गुजरता है। जब हम भारत में बने उत्पाद खरीदते हैं, तो हमारा पैसा देश में ही रहता है और उस पैसे का इस्तेमाल विकास परियोजनाओं के लिए किया जा सकता है।
पीएम मोदी के भाषण की मुख्य बातें :
1. स्वदेशी पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि देशवासी जो भी खरीदें, वह भारत में बना होना चाहिए। जब हम स्वदेशी सामान खरीदते हैं तो पैसा देश में रहता है और उससे सड़कें, योजनाएँ और रोज़गार बनते हैं। उन्होंने कहा कि हमें गर्व से यह देखना चाहिए कि जो भी वस्तु हम ले रहे हैं, उसमें हिंदुस्तान की मिट्टी की खुशबू हो।
2. धार में पीएम मित्र पार्क
पीएम मोदी ने कहा कि धार में पीएम मित्र पार्क की स्थापना आहिल्या बाई होल्कर की परंपरा को आगे बढ़ाने का काम है। यहाँ कपास से लेकर कताई, बुनाई, डिज़ाइन और एक्सपोर्ट तक का काम होगा। उन्होंने बताया कि यह 5F मॉडल यानी फार्म, फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन पर आधारित होगा, जिससे धार अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाएगा।
3. गरीबी उन्मूलन
पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों की सेवा उनके जीवन का उद्देश्य है। सरकार ने पिछले 11 वर्षों में समर्पण भाव से काम किया है, जिसके कारण 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे गरीबों की जिंदगी बदलने वाली “मोदी की गारंटी” बताया।
4. महिला सशक्तिकरण
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना में अधिकांश घर महिलाओं के नाम पर दिए गए हैं। करोड़ों बहनों ने मुद्रा योजना से लोन लेकर अपने व्यवसाय शुरू किए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 2 करोड़ महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और लक्ष्य 3 करोड़ का है।
5. सिकल सेल एनीमिया अभियान
पीएम मोदी ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में बड़ी बीमारी सिकल सेल एनीमिया से निपटने के लिए मध्यप्रदेश से अभियान शुरू हुआ था। आज एक करोड़वां स्क्रीनिंग कार्ड वितरित हो चुका है और अब तक 5 करोड़ से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह काम आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करेगा।
6. मुफ्त जांच और मातृ वंदन योजना
पीएम मोदी ने कहा कि माताओं और बहनों की जांच और दवाई पूरी तरह मुफ्त होगी और इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। यह अभियान दो हफ्ते चलेगा और आयुष्मान कार्ड से इसे और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि मातृ वंदन योजना के तहत 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक माताओं को दिए जा चुके हैं।
7. टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बढ़ावा
पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती के दिन मध्यप्रदेश से देश का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क शुरू हुआ है। इससे भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इसके लिए उन्होंने मध्यप्रदेश की जनता को विशेष बधाई दी।
8. स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान
पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति ही राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है। उन्होंने “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत की और कहा कि मां के स्वस्थ होने से पूरा परिवार स्वस्थ रहता है। इस अभियान के तहत कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती जांच सुनिश्चित की जाएगी।
Satna GST Raid : सतना में मोहनी ट्रेडर्स समेत 5 फर्मों पर GST छापा, करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका
9. विकसित भारत के चार स्तंभ
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को विकसित बनाने की यात्रा चार स्तंभों पर खड़ी है – नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान। उन्होंने कहा कि धार से इन चारों स्तंभों को मजबूत करने का अभियान शुरू हो रहा है, जो पूरे भारत के लिए नई ऊर्जा देगा।
10. राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मविश्वास
पीएम मोदी ने कहा कि 17 सितंबर का दिन ऐतिहासिक है, जब हैदराबाद को मुक्ति मिली थी। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें देश के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने आतंकवाद पर कड़ा रुख दिखाते हुए कहा कि “नया भारत घर में घुसकर मारता है और किसी की परमाणु धमकी से नहीं डरता।”