Indore News : इंदौर। शहर के जिंसी चौराहा से नेमीनाथ चौराहा तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इलाके के रहवासियों ने नगर निगम पर सेंटर लाइन निर्धारण में अनियमितता और पक्षपात का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क की केंद्रीय रेखा एक तरफ सरका दी गई है, जिससे कुछ मकानों को बचा लिया गया, जबकि दूसरी ओर कई मकान बड़े पैमाने पर प्रभावित हो रहे हैं।
एक तरफ 15 से 20 फीट कट रहे मकान, दूसरी ओर मामूली असर
रहवासियों का आरोप है कि सड़क की नई सेंटर लाइन के कारण एक ओर स्थित मकानों का 15 से 20 फीट हिस्सा तोड़ा जा रहा है, जबकि दूसरी ओर कुछ मकानों पर महज डेढ़ से दो फीट का ही असर पड़ रहा है। इससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी बढ़ गई है।
स्थानीय निवासी फैजान और इशाक सहित अन्य लोगों का कहना है कि पहले लगाए गए निशान सड़क के मध्य से तय किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें बदल दिया गया। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद निगम प्रशासन ने उनकी बात नहीं सुनी।
Bhopal News : भोपाल में युवती ने प्रेमी पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया, आरोपी गिरफ्तार
3.46 करोड़ की लागत से बन रही सड़क
नगर निगम के पैकेज-1 में शामिल जिंसी चौराहा से नेमीनाथ चौराहा तक की यह सड़क मास्टर प्लान में 80 फीट चौड़ी प्रस्तावित है। हालांकि स्थानीय विरोध को देखते हुए फिलहाल इसे 60 फीट चौड़ाई में विकसित किया जा रहा है।
करीब 340 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 3.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम अधिकारियों का दावा है कि सभी निशान नियमानुसार लगाए गए हैं और सड़क निर्माण की प्रक्रिया तय मानकों के अनुरूप चल रही है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए नगर निगम ने मार्ग पर लगभग 130 बाधक निर्माणों की पहचान की है। निगम की ओर से निशान लगाए जाने के बाद कई लोग स्वयं अपने निर्माण हटाने लगे हैं। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को निर्माण हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है।
Raisen Bus Accident : भोपाल-सागर रूट पर दो बसों की आमने-सामने टक्कर, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल
पानी की लाइन फूटने से बढ़ी परेशानी
रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क निर्माण के साथ-साथ पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम भी चल रहा है। निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण और सेंटर लाइन का निर्धारण तकनीकी मानकों के आधार पर किया गया है। अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार करते हुए कहा कि परियोजना निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ रही है।