Hotel Inspection Bhopal : भोपाल। राजधानी भोपाल में होटल और रेस्टोरेंट्स की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। हलालपुर इलाके में संचालित कई दुकानोंके निरिक्षण किये जाने पर फायर सेफ्टी और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां सामने आईं।
होटल सिटी वॉक में मिली अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने होटल सिटी वॉक सहित अन्य दुकानों की भी जांच की। इस दौरान होटल प्रबंधन गैस सिलेंडरों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए 12 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर नोटिस
इसके बाद जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कई कमियां भी पाई गईं। खाद्य सामग्री के रखरखाव और अन्य जरूरी मानकों में खामियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही निर्धारित समय सीमा में सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
फायर सेफ्टी व्यवस्था पर भी उठे सवाल
निरीक्षण के समय अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई। जिसमें अधिकारियों को कई स्थानों पर फायर सेफ्टी से जुड़े आवश्यक इंतजाम और सुरक्षा मानकों में कमी मिली। इस पर संबंधित होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि शहर में नागरिकों की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
