बिश्नोई गैंग ने ली टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी, सलमान खान के साथ काम करने वालों को दी धमकी
मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वालों को भी धमकी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bollywood Crime News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने के कथित दावे के बाद मुंबई में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के प्रतिनिधि अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट साझा की गई है। इसमें सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी
बता दें, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई। पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में आगे कहा गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले फोन के जरिए चेतावनी दी गई थी। फिल्म इंडस्ट्री में सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को निशाना बनाया जाएगा। साथ ही पोस्ट में दूसरे गैंग के लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि वे बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल न करें। सलमान खान से माफी मांगने की मांग भी की गई है।
टाइगर पर फायरिंग कैसे और कहां हुई?
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई। मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे और अभिनेता की कार पर गोलियां चलाईं। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर के घायल हो गए।
एकनाथ शिंदे बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि किसी भी गैंग की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही हैं। शिंदे ने फिल्मी हस्तियों से भी अपील की कि अगर उन्हें धमकी भरे फोन या संदेश मिलते हैं, तो वे तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें।
मुख्यमंत्री ने पुलिस को दिए जांच के निर्देश
इसके साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस कमिश्नर को मामले की तत्काल जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की जांच में हमले के पीछे शामिल लोगों और कथित गैंग के दावे की पुष्टि होना अहम होगा।
फिलहाल, टाइगर श्रॉफ पर हुए कथित हमले, सोशल मीडिया पोस्ट और गैंग की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
