तरावली गांव में आबकारी टीम की दबिश, कच्ची शराब और 30 से ज्यादा ड्रम बरामद
भोपाल के तरावली गांव में आबकारी विभाग ने जंगल में चल रही कच्ची शराब की भट्टी पर छापा मारा। टीम ने शराब, हाथ भट्टी और 30 से ज्यादा खाली-भरे ड्रम जब्त किए। बैरसिया रोड के आसपास पन्नियों में 10 से 20 रुपये में शराब बिक्री की बात भी सामने आई है।

Bhopal news : भोपाल के तरावली गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। जंगल में चल रही कथित कच्ची शराब की भट्टी से बड़ी मात्रा में शराब, ड्रम और अन्य सामान जब्त किया गया।
जंगल में चल रही थी शराब बनाने की तैयारी
भोपाल जिले के तरावली गांव में मंगलवार सुबह आबकारी विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। टीम ने जंगल क्षेत्र में चल रही कच्ची शराब बनाने की भट्टी को पकड़ा। मौके से शराब के साथ हाथ भट्टी और 30 से ज्यादा खाली व भरे ड्रम बरामद किए गए।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के निर्देशन में कंट्रोलर वर्षा उइके और विभागीय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह तड़के शुरू हुई कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली। टीम के पहुंचते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गांव से दूर जंगल को बनाया ठिकाना
बता दें, शराब तैयार करने के लिए जंगल के अंदर ऐसा स्थान चुना गया था, जो गांव की आबादी से दूर है। विभाग को आशंका थी कि इसी वजह से यहां लंबे समय तक गतिविधियां छिपी रह सकती थीं। कार्रवाई के दौरान टीम ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी जब्त किए।
बैरसिया रोड पर पन्नियों में बिक्री
जानकारी के अनुसार, भोपाल से करीब 40 किलोमीटर दूर बैरसिया रोड पर लक्ष्मणपुरा गांव से तरावली मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते के आसपास अवैध शराब की बिक्री होती थी। आसपास के गांवों में तैयार की जाने वाली शराब यहां छोटी पन्नियों में 10 से 20 रुपये तक में बेची जाती है। आबकारी विभाग की ओर से इस क्षेत्र में पहले भी कार्रवाई की गई थी। हालांकि, कार्रवाई के कुछ समय बाद फिर से अवैध शराब की बिक्री शुरू हो जाती थी।
