रणबीर कपूर के राम अवतार की पहली झलक, यश के रावण लुक ने खींचा ध्यान; जानिए कब होगी रिलीज?
णबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ का नया भव्य पोस्टर जारी हो गया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Ramayana Movie Poster: नवरात्रि के पहले दिन फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने नया पोस्टर जारी कर दर्शकों को बड़ी सौगात दी है। पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही फिल्म के पहले भाग की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। ‘रामायण पार्ट 1’ 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर के साथ दिया खास संदेश
बता दें, फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने नवरात्रि के अवसर को नई शुरुआत से जोड़ा। पोस्ट के साथ टैगलाइन दी गई, ‘यह राम के युग का आरंभ है।’ पोस्टर में मुख्य किरदारों के साथ भव्य कॉस्ट्यूम और फिल्म की बड़े पैमाने पर तैयार की गई दुनिया की झलक दिखाई गई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे सामने नजर आते हैं, जबकि बैकग्राउंड में यश का रावण अवतार दिखाई देता है।

5 नवंबर को रिलीज होगी ‘रामायण पार्ट 1
जानकारी के अनुसार, मेकर्स ने पहले भाग की रिलीज के लिए 5 नवंबर 2026 की तारीख तय की है। फिल्म की एडवांस बुकिंग दशहरा से शुरू करने की घोषणा भी की गई है। वहीं, कहानी का दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान सिनेमाघरों में लाने की योजना है। इस तरह दर्शकों को महाकाव्य की कहानी दो हिस्सों में देखने को मिलेगी।
पांच भाषाओं और IMAX में दिखेगी फिल्म
साथ ही, नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज करने की योजना है। फिल्म को IMAX जैसे प्रीमियम फॉर्मेट में भी पेश किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारतीय महाकाव्य की कहानी को बड़े पर्दे पर भव्य दृश्य अनुभव के साथ दर्शकों तक पहुंचाना है।
कई किरदारों की झलक भी आई सामने
मुख्य पोस्टर से पहले फिल्म में कैकेयी की भूमिका निभा रहीं लारा दत्ता और मंथरा का किरदार निभाने वाली शीबा चड्ढा के पोस्टर भी जारी किए गए थे। फिल्म की स्टारकास्ट में सनी देओल हनुमान, अरुण गोविल राजा दशरथ और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका में नजर आएंगे।
4,000 करोड़ रुपये का बजट
सूत्रों के मुताबिक, ‘रामायण’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसका बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस, यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस और DNEG के सहयोग से हो रहा है। फिल्म के संगीत पर ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान साथ काम कर रहे हैं।
VFX और तकनीकी टीम पर भी खास जोर
फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी DNEG संभाल रही है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम के लिए जानी जाती है। भव्य सेट, विस्तृत कॉस्ट्यूम और आधुनिक तकनीक के जरिए ‘रामायण’ की दुनिया को पर्दे पर उतारने की तैयारी है। अब नए पोस्टर के बाद दर्शकों की नजर फिल्म के टीजर और आगे आने वाली झलकियों पर रहेगी।
रामायण का नया पोस्टर जारी
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का नया पोस्टर जारी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। नवरात्रि पर ‘रामायण’ का नया पोस्टर जारी हुआ, जिसमें रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के रूप में दिखे। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा। दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। फिल्म पांच भाषाओं और IMAX फॉर्मेट में रिलीज की जाएगी।

