खड़गे के बयान पर BJP ने जताई नाराजगी, भोपाल की कोर कमेटी बैठक में लिए गए ये बड़े फैसले
भोपाल में बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में खड़गे के बयान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। राज्यसभा उपचुनाव के लिए पांच नामों का पैनल केंद्र भेजा गया। इंदौर, जबलपुर और भोपाल में रैलियां होंगी। सरकार के तीन साल पूरे होने पर मंत्रियों, विधायकों और विभागों का रिपोर्ट कार्ड बनेगा।

MP BJP Core Committee Meeting: राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में कई अहम राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामों का पैनल केंद्र को भेजने, सरकार के तीन साल पूरे होने पर रिपोर्ट कार्ड तैयार करने और पार्टी के अभियान को तेज करने जैसे फैसलें भी लिए गए है।
खड़गे के बयान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि कोर कमेटी ने प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। बीजेपी ने इस तरह की टिप्पणी को कांग्रेस की राजनीतिक शैली से जोड़ते हुए विरोध जताया। इस मुद्दे पर पार्टी अब सोशल मीडिया के जरिए भी अपना पक्ष मजबूती से रखने की तैयारी कर रही है।
इंदौर, जबलपुर और भोपाल में होंगी बड़ी रैलियां
बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रदेश में बड़े स्तर पर जनसभाएं आयोजित करने की योजना बनाई है। खंडेलवाल के अनुसार, इंदौर, जबलपुर और भोपाल में तीन बड़ी रैलियां होंगी। इनमें करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए पांच नामों का पैनल
बता दें, बैठक में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। जिसमें चार से पांच नामों पर सहमति बनने के बाद पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है। इसमें मध्य प्रदेश के नेताओं के नाम भी शामिल हैं। उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला अब केंद्रीय नेतृत्व को लेना है।
सरकार के तीन साल पूरे होने पर बनेगा रिपोर्ट कार्ड
सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर मंत्रियों, विधायकों और विभिन्न विभागों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने का फैसला लिया गया है। बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई। रिपोर्ट कार्ड के जरिए सरकारी कामकाज और योजनाओं की प्रगति का आकलन करने की तैयारी है।
केंद्र की योजनाओं का लाभ बढ़ाने के लिए टीमें
साथ ही, बीजेपी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मध्य प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भी योजना बनाई है। इसके तहत मंत्रियों की टीमें संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करेंगी। इसका मकसद योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाना और पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाना है।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस को जवाब देने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, बीजेपी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री निवास के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोशल मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान से जुड़े दिशा-निर्देश दिए जाने हैं।
पार्टी कांग्रेस के आरोपों और दावों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की रणनीति बना रही है। खड़गे के बयान के बाद बीजेपी का जवाबी सोशल मीडिया अभियान तेज करने की तैयारी है। अभियान को अगले दिन से और सक्रिय किया जाएगा।
बिरसा मुंडा जयंती पर होंगे कार्यक्रम
वहीं, 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी है। कोर कमेटी की बैठक में राजनीतिक विरोध, चुनावी तैयारी, सरकारी कामकाज की समीक्षा और डिजिटल अभियान को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति सामने आई है।