खड़गे के बयान पर BJP का प्रदर्शन, भोपाल में रामेश्वर शर्मा बोले- कांग्रेस लोकतंत्र नहीं, लट्ठ तंत्र में भरोसा करती है
भोपाल में मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। शिवाजी नगर चौराहे पर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पुलिस ने बैरिकेडिंग की और स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

Bhopal BJP-Congress Protest मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान शिवाजी नगर चौराहे पर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
रेडक्रॉस से कांग्रेस कार्यालय तक निकाला मार्च
बता दें, भाजपा नेता और कार्यकर्ता रेडक्रॉस अस्पताल के सामने इकट्ठा हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय और शहर अध्यक्ष रविंद्र यति समेत कई नेता शामिल हुए। भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की।
शिवाजी नगर चौराहे पर बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा के कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी भी बैरिकेड पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में फूल और लाठियां
दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में फूल और लाठियां थीं। तो वहीं, एक कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं को भुजाएं दिखाकर चुनौती देता नजर आया। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता घायल
दोनों दलों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन चलाई। इस दौरान धक्का-मुक्की में एक कांग्रेस कार्यकर्ता के सिर में चोट लग गई। घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पुलिस ने दोनों पक्षों को पीछे हटाने की कोशिश की।
रामेश्वर बोले- कांग्रेस लोकतंत्र नहीं, लट्ठ तंत्र में भरोसा करती है
प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के तरीके पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र के बजाय ‘लट्ठ तंत्र’ में भरोसा करती है। कांग्रेस का लट्ठ हमने 2014 में तोड़ा, 2019 में तोड़ा, 2024 में तोड़ा और अब 2029 में भी कांग्रेस का लट्ठ तोड़कर पूरी कांग्रेस को इटली बिदा करेंगे।
