Buffalo Theft Raisen: भैंस चुराकर भाग रहे चोरों की पिकअप पुल पर टकराई, आरोपी फरार; भैंस और वाहन बरामद
Buffalo Theft Raisen: रायसेन में भैंस चोरी कर भाग रहे बदमाशों की पिकअप बेतवा नदी पुल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आरोपी अंधेरे में भाग निकले, जबकि पुलिस ने डेढ़ लाख की भैंस और वाहन बरामद कर लिया।
Buffalo Theft Raisen: रायसेन। रायसेन के सांची इलाके में भैंस चोरी कर भाग रहे चोरों की पिकअप बेतवा नदी के पुल पर हादसे का शिकार हो गई। पुलिस और किसान उनका पीछा कर रहे थे। पिकअप के पलटने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने चोरी की गई करीब डेढ़ लाख रुपए की भैंस और पिकअप वाहन बरामद कर लिया है।
घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात ग्राम काछी कान्हाखेड़ा की है। किसान डालचंद कुशवाह ने बताया कि उन्होंने अपनी भैंस और उसके बच्चे को घर के पीछे बने टीन शेड में बांधा था। रात करीब 4 बजे भैंस का बच्चा जोर-जोर से आवाज करने लगा। आवाज सुनकर डालचंद बाहर आए तो भैंस गायब थी। इसी दौरान उन्होंने एक पिकअप को तेजी से वहां से जाते देखा।
किसान ने डायल-112 पर दी सूचना
भैंस चोरी होने का पता चलते ही डालचंद ने डायल-112 पर पुलिस को फोन किया। इसके बाद वह अपने भांजे मयंक के साथ पिकअप के पीछे निकल पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी चोरों की तलाश में जुट गई और उनका पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए चोर मेहगांव के पास बेतवा नदी के पुल पर पहुंचे। यहां सड़क में बने गड्ढे के कारण पिकअप अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग से जा टकराई।
हादसे के बाद अंधेरे में भाग निकले चोर
पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होते ही उसमें सवार आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप में चोरी की गई भैंस मिल गई। पुलिस ने करीब 1.50 लाख रुपए कीमत की भैंस को सुरक्षित बरामद कर लिया। चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन MP 04 GA 5590 को भी जब्त कर लिया गया है।
वाहन के नंबर से आरोपियों की तलाश
सांची थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस जब्त किए गए पिकअप वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

