रायसेन में चलती बाइक पर जंगली जानवर का हमला, बुजुर्ग घायल; टाइगर होने का दावा
रायसेन में चिलवाहा से बड़कुई जा रहे 65 वर्षीय बीना राम बंजारा पर चलती बाइक के दौरान जंगली जानवर ने हमला कर दिया। उनके हाथ में चोट आई। परिजन और ग्रामीण इसे टाइगर का हमला बता रहे हैं, जबकि वन विभाग ने पुष्टि नहीं की है। टीम ने इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है।

Raisen News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार देर शाम चलती बाइक पर जंगली जानवर के हमले से हड़कंप मच गया। चिलवाहा से बड़कुई जा रहे 65 वर्षीय बीना राम बंजारा पर अचानक जंगल की तरफ से आए जानवर ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग के हाथ में चोट आई है। परिजन और ग्रामीण हमलावर जानवर को टाइगर बता रहे हैं, हालांकि वन विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
पोते के साथ बाइक से जा रहे थे बुजुर्ग
जानकारी के मुताबिक, बीना राम बंजारा अपने पोते जगदीश बंजारा के साथ बाइक से चिलवाहा से बड़कुई की ओर जा रहे थे। बाइक जगदीश चला रहा था, जबकि बीना राम पीछे बैठे थे। रास्ते में जंगल की तरफ से अचानक एक जंगली जानवर निकलकर सड़क पर आया और उसने चलती बाइक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाइक सवार दोनों लोग घबरा गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
जानवर ने जबड़े में दबोचा बुजुर्ग का हाथ
बता दें, हमले के दौरान जानवर ने बीना राम के हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया। अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग घायल हो गए। उनके पोते और आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने के बाद जानवर कुछ देर में उन्हें छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद बीना राम को इलाज के लिए रायसेन जिला अस्पताल ले जाया गया। शुक्रवार रात करीब 9 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया।
ग्रामीण बोले- टाइगर ने किया हमला
घटना को लेकर ग्रामीण का कहना है कि बाइक पर हमला करने वाला जानवर टाइगर था। घायल के परिजन और कुछ ग्रामीण भी हमलावर जानवर को टाइगर बता रहे हैं। हालांकि, वन विभाग ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि हमला टाइगर ने ही किया था। मौके पर मिले साक्ष्यों और आसपास के क्षेत्र की जांच के बाद ही हमलावर जानवर की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
