पटवारी की आत्महत्या के बाद कार में मिले दो बच्चों के शव, पिता के साथ पिपरिया आए थे बच्चे; जानिए क्या है पूरा मामला?
पिपरिया में पटवारी अजय धाकड़ की आत्महत्या के बाद उनकी कार से दो बच्चों के शव मिले। दोनों बच्चे पिता के साथ फिल्म देखने के लिए आए थे। पुलिस को बच्चों के हाथों पर बंधन जैसे निशान मिले है।

Narmadapuram Crime News: मध्य प्रदेश के पिपरिया में एक पटवारी की आत्महत्या और उनकी कार से दो बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक पटवारी की पहचान अजय धाकड़ के रूप में हुई है। वह अपने दोनों बच्चों को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बच्चों की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
रेलवे स्टेशन की पार्किंग में मिली कार
जानकारी के अनुसार, अजय धाकड़ रायसेन जिले के बरेली में रहते थे और उदयपुरा क्षेत्र के ग्राम छातेर पिपरिया में पटवारी के पद पर कार्यरत थे। रविवार को पिपरिया में उनके आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों के पिपरिया पहुंचने पर पता चला कि अजय के साथ उनके दो बच्चे भी थे। इसके बाद उनकी तलाश की गई। रेलवे स्टेशन के मंगलवारा क्षेत्र की पार्किंग में अजय की कार मिली। कार की पिछली सीट पर दोनों बच्चों के शव पड़े थे। बच्चों की उम्र 14 और 11 साल बताई गई है।
CCTV फुटेज में कार पार्क करते दिखे पटवारी
वहीं, घटनास्थल से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें अजय कार पार्क करते और गेट खोलकर बच्चों की ओर देखते नजर आते हैं।
बच्चों के हाथों पर मिले बंधन के निशान
बता दें, पुलिस की शुरुआती जांच में बच्चों के हाथों पर रस्सी से बांधे जाने जैसे निशान मिले है। एक बच्चे के चेहरे पर भी चोट के निशान हैं। कार में एक तकिया भी मिला है।
परिजनों ने बताई मानसिक तनाव की बात
परिजनों के मुताबिक, 40 वर्षीय अजय पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में थे। परिवार का कहना है कि वह कभी-कभी आत्महत्या करने की बात भी कहते थे, लेकिन उनकी स्थिति को गंभीरता से नहीं समझ पाए। अजय अपने दोनों बच्चों समर्थ और शिवा को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पिपरिया के एसडीओपी आशीष पंवार ने बताया कि शुरुआत में एक व्यक्ति की आत्महत्या की सूचना मिली थी। बाद में पार्किंग में खड़ी कार से दो बच्चों के शव मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बच्चों की मौत के कारणों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
