MP लेडी कॉन्स्टेबल बनेगी पुरुष, गृह विभाग से मिली मंजूरी; जानिए क्या है पूरा मामला?
MP News: मध्य प्रदेश में एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल को जेंडर परिवर्तन की अनुमति मिली है। गृह विभाग ने मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा और दस्तावेजों की जांच के बाद मंजूरी दी। कॉन्स्टेबल ने जनवरी 2022 में आवेदन किया था। प्रदेश में इससे पहले भी दो कॉन्स्टेबल जेंडर परिवर्तन करवा चुकी हैं।


MP Police News: मध्य प्रदेश में तैनात एक लेडी पुलिस कॉन्स्टेबल को जेंडर परिवर्तन की अनुमति मिल गई है। गृह विभाग ने मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा और जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद यह मंजूरी दी है। अनुमति मिलने के बाद कॉन्स्टेबल आगे की चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कर सकेंगी। इससे पहले भी प्रदेश में दो महिला कॉन्स्टेबल जेंडर परिवर्तन करवा चुकी हैं।
क्या है मामला?
बता दें, मध्य प्रदेश पुलिस में तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल ने जनवरी 2022 में जेंडर परिवर्तन के लिए अनुमति मांगी थी। इसके बाद जुलाई 2022 में गांधी मेडिकल कॉलेज में उनकी मेडिकल जांच कराई गई। मनोचिकित्सक की रिपोर्ट और जिला मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा के आधार पर आवेदन शासन को भेजा गया था। जिसके बाद महिला कॉन्स्टेबल ने मुख्यमंत्री से जेंडर परिवर्तन कराने को लेकर आवेदन किया था।
CM मोहन के निर्देश के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, महिला कॉन्स्टेबल के आवेदन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने संबंधित दस्तावेजों और मेडिकल रिपोर्ट की जांच की। प्रक्रिया पूरी होने पर गृह विभाग ने जेंडर परिवर्तन की अनुमति जारी कर दी है।
पहले भी दो महिला कॉन्स्टेबल करवा चुकी जेंडर परिवर्तन
मध्य प्रदेश में इससे पहले भी दो महिला कॉन्स्टेबल जेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया से गुजर चुकी हैं। पहली कॉन्स्टेबल ने 2021 में निवाड़ी और दूसरी ने 2023 में रतलाम में यह प्रक्रिया करवाई थी।
