LPG Price Update: MP में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटे, भोपाल में ₹2743 और इंदौर में ₹2846 हुआ रेट
LPG Price Update: मध्य प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 190 से 194 रुपए तक घट गए हैं। भोपाल में सिलेंडर ₹2743 और इंदौर में ₹2846 का हो गया है।
LPG Price Update: भोपाल। होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम मध्य प्रदेश में 190 से 194 रुपए तक कम हो गए हैं। भोपाल में अब सिलेंडर 2743 रुपए और इंदौर में 2846 रुपए में मिलेगा। गैस सस्ती होने के बाद कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खाने और कैटरिंग के रेट में भी कुछ कमी हो सकती है।
गैस के दाम कम होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ कैटरिंग कारोबारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में गैस के दाम बढ़ने से उनका खर्च काफी बढ़ गया था। इसका असर खाने और कैटरिंग के रेट पर भी पड़ा था।
कई जगह खाने के रेट बढ़े थे
कमर्शियल LPG महंगा होने के बाद होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग से जुड़े कारोबारियों ने खाने के रेट बढ़ाए थे। कुछ जगहों पर खाने और कैटरिंग की कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई थी।
अब सिलेंडर सस्ता होने के बाद कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में लागत कुछ कम होगी। इसका फायदा ग्राहकों को भी मिल सकता है और खाने-पीने की चीजों के रेट में राहत देखने को मिल सकती है।
तीन महीने पहले 3300 रुपए तक पहुंचा था दाम
कारोबारियों के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले ईरान-अमेरिका तनाव के दौरान कमर्शियल LPG की कीमतों में तेजी आई थी। कई शहरों में 19 किलो के सिलेंडर का दाम 3300 रुपए से ज्यादा पहुंच गया था।
कारोबारियों का कहना है कि इससे पहले सिलेंडर करीब 1800 से 2000 रुपए के आसपास मिल रहा था। अचानक कीमत बढ़ने से होटल और कैटरिंग कारोबार का खर्च बढ़ गया था।
रीवा में सबसे महंगा, शाजापुर में सबसे सस्ता
मध्य प्रदेश में नए रेट के हिसाब से रीवा में कमर्शियल LPG सिलेंडर सबसे महंगा 2991.50 रुपए का हो गया है। सिंगरौली और नरसिंहपुर में इसकी कीमत 2989.50 रुपए, जबकि सतना में 2989 रुपए है। वहीं शाजापुर में सिलेंडर सबसे सस्ता 2749.50 रुपए में मिलेगा।
कैटरिंग के खर्च पर भी पड़ा था असर
कैटरिंग कारोबारियों का कहना है कि गैस महंगी होने का सीधा असर शादी और दूसरे आयोजनों के बजट पर पड़ा था। कारोबारियों के मुताबिक, करीब 500 लोगों के 5 लाख रुपए के भोजन आयोजन की लागत गैस के दाम बढ़ने के बाद 45 से 50 हजार रुपए तक बढ़ गई थी।
इस वजह से कई कैटरर्स को प्रति प्लेट के रेट बढ़ाने पड़े थे। अब कमर्शियल LPG सस्ता होने से कारोबारियों को उम्मीद है कि आयोजन की लागत में कुछ कमी आएगी और इसका असर धीरे-धीरे ग्राहकों को मिलने वाले रेट पर भी दिख सकता है।

