MP के पूर्व सांसद अब संभालेंगे उत्तराखंड की कमान, जानिए 6 राज्यों में किसे मिला कौन-सा पद?
एमपी के पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल नियुक्त हुए हैं। राष्ट्रपति ने कुल 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है।


Governor Appointment News: मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और बालाघाट के पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किया गया है। इस फैसले के तहत कई राज्यपालों को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ नए नाम भी इस सूची में शामिल हैं।
चार बार विधायक और सांसद रह चुके हैं ढाल सिंह बिसेन
जानकारी के अनुसार, सिवनी जिले से संबंध रखने वाले डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे 2019 में बालाघाट लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद चुने गए थे। इससे पहले वे 1990, 1993, 1998 और 2003 में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। वे मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है।

जानिए, किसे किस राज्य का राज्यपाल बनाया गया
राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छह राज्यों में नियुक्तियों और बदलावों की सूची इस प्रकार है:
- डॉ. ढाल सिंह बिसेन: उत्तराखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए।
- श्री ओम प्रकाश माथुर: सिक्किम के राज्यपाल से केरलम के राज्यपाल बनाए गए।
- श्री राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर: केरलम से तमिलनाडु के राज्यपाल नियुक्त किए गए।
- श्री ब्रज मोहन राम: ओडिशा के राज्यपाल नियुक्त किए गए।
- डॉ. सुधा यादव: कर्नाटक की राज्यपाल नियुक्त की गईं।
- श्री दुष्यंत गौतम: सिक्किम के राज्यपाल नियुक्त किए गए।
