CM Mohan Yadav UCC: CM मोहन यादव बोले- देश एक है तो कानून भी एक होना चाहिए, UCC पर सरकार ने बढ़ाए कदम"
CM Mohan Yadav UCC: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना चाहिए। सरकार ने संकेत दिए हैं कि मानसून सत्र में UCC विधेयक पेश किया जा सकता है।
CM Mohan Yadav UCC: भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सरकार ने अपनी तैयारी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि जब देश एक है, तो कानून भी सभी नागरिकों के लिए एक जैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में तेजी से काम भी कर रही है और जल्द बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
सभी के लिए एक जैसा कानून जरूरी
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अलग-अलग लोगों के लिए अलग कानून होना सही नहीं है। और अगर भगवान राम ने एक विवाह किया, तो समाज में सभी के लिए एक जैसी व्यवस्था होनी चाहिए। और कहा कि मुस्लिम बहनें भी हमारी बहनें हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसलिए सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूसीसी पर काम करने वाली समिति अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है। अब रिपोर्ट विधि विभाग के पास है और आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने संकेत दिए कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार इस दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है।
55 जिलों से मिले 10 लाख से ज्यादा सुझाव
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने यूसीसी लागू करने से पहले लोगों की राय भी ली है। इसके लिए बनी समिति ने प्रदेश के सभी 55 जिलों में जाकर अलग-अलग समाज, धर्म, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से चर्चा की। इस दौरान 10 लाख से ज्यादा सुझाव मिले। सरकार अब इन्हीं सुझावों को ध्यान में रखकर आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतने अहम मुद्दे पर कांग्रेस ने कोई सहयोग नहीं किया। न तो समिति की बैठकों में हिस्सा लिया और न ही अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी नागरिकों को समान अधिकार, समान कानून और समान न्याय देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।