CM Mohan Yadav: CM मोहन यादव ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से कहा- किसानों तक सरकार की योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाएं
CM Mohan Yadav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से मुलाकात की। उन्होंने किसानों तक सरकार की योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने, खेती में बदलाव अपनाने और पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
CM Mohan Yadav: इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज सोशल मीडिया लोगों तक जानकारी पहुंचाने का सबसे तेज और असरदार माध्यम बन चुका है। इसलिए खेती-किसानी से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने अपील की कि वे सरकार की किसान हितैषी योजनाओं पर आसान भाषा में वीडियो और रील्स बनाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों तक सही जानकारी पहुंच सके। मुख्यमंत्री इंदौर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार भी किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी को बढ़ावा दे रही है। उनका कहना था कि जितना मजबूत पशुधन होगा, उतना ही दूध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की कमाई भी बढ़ेगी।
किसानों को दी फसल बदलकर खेती करने की सलाह
मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि एक ही फसल बार-बार बोने के बजाय समय-समय पर फसल बदलते रहना चाहिए। इससे जमीन की उर्वरता बनी रहती है और पैदावार भी अच्छी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन इलाकों में बारिश कम होती है, वहां किसान कम समय में तैयार होने वाली फसलों की बुवाई करें, ताकि नुकसान कम हो।
पशुपालन और खाद को लेकर भी कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बेहतर नस्ल के पशु तैयार करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे दूध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। नई डिजिटल व्यवस्था के जरिए किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है और कालाबाजारी पर भी नजर रखी जा रही है।
नशे के खिलाफ सरकार सख्त
साथ ही उन्होंने कहा कि नशा कई परिवारों को बर्बाद कर देता है। इसलिए प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि उज्जैन, ओंकारेश्वर, ओरछा समेत 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू की गई है और इसके अच्छे नतीजे सामने आए हैं।
इन्फ्लुएंसर्स ने भी साझा किए अपने अनुभव
कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए किसान और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने खेती, पशुपालन और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कई युवाओं ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए वे खेती की नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से बातचीत की, उनकी बातें सुनीं और बेहतर काम करने के लिए उनका उत्साह भी बढ़ाया।