भोपाल में छत पर टहल रही सायरा खान के पैर में लगी गोली, हैदर टावर में आखिर कहां से आई बुलेट?
भोपाल के टीला जमालपुरा स्थित हैदर टावर की पांचवीं मंजिल पर टहल रहीं सायरा खान के पैर में अचानक गोली लग गई। अस्पताल में जांच के बाद मामले की जानकारी पुलिस को मिली। FIR दर्ज कर पुलिस और FSL टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Silent Shooting Mystery in Bhopal: भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में एक महिला के पैर में गोली लगने के मामले ने सब को हैरान कर दिया है। हैदर टावर की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रहीं सायरा खान को अचानक पैर में चुभन महसूस हुई। अस्पताल में जांच के दौरान गोली होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
छत पर टहलते वक्त अचानक हुआ दर्द
जानकारी के अनुसार, मामला कच्ची मस्जिद रोड स्थित हैदर टावर का है। जहां सायरा खान इमारत की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही थीं, तभी उन्हें पैर में कुछ चुभने का अहसास हुआ। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली चोट समझा, लेकिन परेशानी बढ़ने पर अस्पताल पहुंचीं। मेडिकल जांच में उनके पैर में गोली फंसी होने की बात सामने आई। इसके बाद अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई और मामले की पड़ताल शुरू हुई।
पुलिस और FSL टीम ने की जांच
बता दें, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम हैदर टावर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। जांच के मद्देनजर संबंधित फ्लैट को सील भी किया गया है। अब फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किस दिशा से आई और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
FIR दर्ज, हर पहलू की पड़ताल
मामले को लेकर एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया FIR दर्ज की गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली कहां से चली और सायरा खान तक कैसे पहुंची। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किसी की लापरवाही का नतीजा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसा या साजिश?
वहीं, इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पांचवीं मंजिल की छत पर मौजूद महिला के पैर में गोली कैसे लगी? क्या गोली आसपास की किसी इमारत से चली थी या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल पुलिस आसपास के हालात, महिला के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
