Bhopal News: दुपट्टा फाड़कर महिला ने पूर्व मंत्री को बांधी राखी, उपहार में दी शक्कर, जानिए पूरी खबर
Bhopal News: रक्षाबंधन पर भोपाल में कांग्रेस नेताओं ने महंगाई के खिलाफ अनोखा संदेश दिया। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और विधायक आरिफ मसूद ने बहनों से राखी बंधवाई और उपहार में शक्कर दी।

Bhopal News: भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने 1100 क्वार्टर स्थित अपने आवास पर रक्षाबंधन का कार्यक्रम रखा। इस कार्यक्रम में कई महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी। इसी दौरान बाणगंगा इलाके से पहुंची एक महिला ने पीसी शर्मा के सामने अपने दुपट्टे का कोना फाड़कर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा को रक्षासूत्र बांधा। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और विधायक आरिफ मसूद ने बहनों से राखी बंधवाई और उपहार में शक्कर के पैकेट दिए। नेताओं ने शक्कर के बढ़ते दाम को लेकर सरकार पर निशाना भी साधा।
दुपट्टे का टुकड़ा कलाई पर बांधा
राखी बांधते वक्त महिला कह रही थी भैया बारिश में मेरे घर का पूरा सामान बह गया। मेरे पास राखी खरीदने के पैसे नहीं थे। पता चला कि आज आप राखी बंधवा रहे हैं तो मैं बारिश में यहां पहुंची हूं। मैं अपना दुपट्टे का टुकड़ा आपको राखी के तौर पर बांध रही हूं आप मेरी रक्षा करेंगे। ये देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। महिला की आंखों से आंसू छलक पड़े।
आरिफ मसूद ने भी बहनों से बंधवाई राखी
विधायक आरिफ मसूद ने भी रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों से राखी बंधवाई और उन्हें शक्कर उपहार में दी। उन्होंने भी शक्कर के बढ़ते दाम को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि त्योहार के समय जरूरी खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
'यह शक्कर की राजनीति नहीं, शक्कर का दर्द है'
पीसी शर्मा ने कहा कि यह शक्कर की राजनीति नहीं, बल्कि शक्कर का दर्द है। उन्होंने कहा कि पहले 20-30 रुपए किलो मिलने वाली शक्कर अब 70-75 रुपए किलो तक पहुंच गई है। ऐसे में बहनों के लिए मिठाई बनाना और घर में पकवान तैयार करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि बहनों को राखी के उपहार के तौर पर गुलाब का फूल और शक्कर दी गई है, ताकि वे घर जाकर पकवान बना सकें। पीसी शर्मा ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
