Bhopal News: UPSC-MPPSC की फ्री कोचिंग का मौका, सिर्फ 50 छात्रों को मिलेगा प्रवेश; जानिए कैसे कर सकते है रजिस्ट्रेशन
Bhopal News: भोपाल जिला प्रशासन की पहल पर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए UPSC और MPPSC की नि:शुल्क कोचिंग का नया बैच शुरू होने जा रहा है। 50 विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा। रजिस्ट्रेशन आज से 31 अगस्त तक होंगे।

Bhopal News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। जिला प्रशासन की पहल पर इस बार भी UPSC और MPPSC की नि:शुल्क कोचिंग शुरू की जा रही है। नए बैच के लिए रजिस्ट्रेशन आज से शुरू होंगे और 31 अगस्त तक चलेंगे। इस योजना के तहत कुल 50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किए जाने की जानकारी दी गई है। ऐसे विद्यार्थी जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते, उनके लिए यह पहल काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
5 सितंबर से शुरू होंगी कक्षाएं
जानकारी के मुताबिक, फ्री कोचिंग का नया बैच 5 सितंबर से पॉलीटेक्निक चौराहा स्थित हिंदी भवन में शुरू होगा। यहां विद्यार्थियों को UPSC और MPPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। कोचिंग का संचालन जिला प्रशासन भोपाल के मार्गदर्शन में आदर्श परिवार एवं आधुनिक नालंदा द्वारा किया जाएगा। इसके लिए पं. रविशंकर शुक्ल न्यास का सहयोग भी लिया जा रहा है।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा फायदा
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी संस्थानों में फीस काफी अधिक होती है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले कई विद्यार्थी बेहतर तैयारी के बावजूद कोचिंग की सुविधा नहीं ले पाते। इन्हीं विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर मार्गदर्शन और तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
अफसर और विशेषज्ञ भी पढ़ाएंगे
इस कोचिंग की खास बात यह होगी कि विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। अधिकारियों के साथ कॉलेज के प्रोफेसर्स और विषय विशेषज्ञ भी छात्रों को पढ़ाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को पढ़ाने में रुचि रखने वाले अधिकारी नियमित रूप से एक से दो घंटे की क्लास ले सकते हैं। इसके अलावा अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों को भी कक्षाओं के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े अनुभव और विषयों को समझने का अवसर भी मिल सकता है।
दो साल पहले शुरू हुई थी पहल
बता दें, भोपाल जिला प्रशासन ने जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग की शुरुआत करीब दो साल पहले की थी। इसके बाद अब नया बैच शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मंच देना है, जिनके सामने आर्थिक सीमाएं बाधा बनती हैं। UPSC और MPPSC की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह योजना खास तौर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रजिस्ट्रेशन के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
फ्री कोचिंग से जुड़ी जानकारी और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के लिए विद्यार्थी 8357835433 और 9584732481 पर संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।

