भोपाल में दुर्गा विसर्जन चल समारोह: रात 8 बजे से कई रास्तों पर प्रतिबंध, एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने के लिए देखें वैकल्पिक रूट
भोपाल में बुधवार रात 8 बजे से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए झांकियों का चल समारोह निकलेगा। भारत टॉकीज, जुमेराती, रेतघाट और अन्य मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और इंदौर मार्ग के लिए वैकल्पिक रूट जारी किए गए हैं।


Durga Visarjan Traffic Update: त्योहारों के दौरान शहर में निकलने वाले जुलूस और झांकियों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बदल जाती है। ऐसे में घर से निकलने से पहले रास्तों की जानकारी रखना जरूरी है। भोपाल में बुधवार रात 8 बजे से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए चल समारोह निकाले जाएंगे। इसके चलते भारत टॉकीज, जुमेराती, रेतघाट समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टैंड जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
भोपाल में अब तक छोटी-बड़ी 883 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है। शहर में 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होना है, जिसका सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा। प्रशासन ने प्रमुख विसर्जन घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। करीब 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा, सफाई और विसर्जन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
रात 8 बजे शुरू होगा झांकियों का चल समारोह
बता दें, दुर्गा प्रतिमाओं की झांकियों का मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज तिराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा और 25वीं वाहिनी के सामने से भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी। झांकियों की आवाजाही के अनुसार अलग-अलग मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा।
इन रास्तों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम 5 बजे के बाद भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे के बीच सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास व बस स्टैंड की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
शुक्रवार सुबह 8 बजे तक कई प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इनमें खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, इस्लाम नगर, पटेल नगर, रातीबड़, लालघाटी, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद, भानपुर और रत्नागिरी क्षेत्र शामिल हैं।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते
चल समारोह के दौरान भारत टॉकीज की ओर आवागमन बंद रहने पर रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन एमपी नगर, न्यू मार्केट, अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और मैदा मिल मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
रात 2 बजे के बाद झांकियों के रेतघाट की ओर बढ़ने पर पॉलीटेक्निक चौराहा से रेतघाट और वीआईपी रोड बंद हो सकता है। एयरपोर्ट जाने के लिए वाहन चालक लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल तिराहा, सुभाष नगर, रेलवे ओवरब्रिज, प्रभात चौराहा और 80 फीट रोड का विकल्प चुन सकते हैं। दूसरा रास्ता पुल बोगदा, भारत टॉकीज, रोशनपुरा, लिली तिराहा, तलैया, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट और लालघाटी होकर जाता है।
बस यात्रियों के लिए भी बदलेगा रूट
इंदौर और सीहोर से आने वाली बसें खजूरी बायपास, मुबारकपुर बायपास, गांधीनगर और लालघाटी होकर हलालपुर बस स्टैंड पहुंचेंगी। गुना और ग्वालियर से आने वाली बसों का अंतिम पड़ाव भी हलालपुर बस स्टैंड रहेगा। आईएसबीटी से चलने वाली बसें प्रभात चौराहा और भारत टॉकीज की ओर नहीं जा सकेंगी। उन्हें होशंगाबाद रोड और बायपास का इस्तेमाल करना होगा।
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम
प्रशासन ने खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा और ईंटखेड़ी सहित प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है। घाटों पर गोताखोर, क्रेन, जेसीबी और लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी रखी गई है।
