BRICS Cultural Summit 2026: भोपाल में BRICS सम्मेलन की तैयारी तेज, VIP रोड से भोज सेतु तक रंगरोगन; विदेशी मेहमानों के लिए सज रहा शहर
BRICS Cultural Summit: भोपाल में 5 अगस्त से BRICS Cultural Summit 2026 की शुरुआत होगी। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए VIP रोड, भोज सेतु और एयरपोर्ट रोड समेत प्रमुख रास्तों को सजाया जा रहा है।
BRICS Cultural Summit 2026: भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में BRICS Cultural Summit 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन की शुरुआत 5 अगस्त से होगी और यह 8 अगस्त तक चलेंगी। इस आयोजन में कई देशों के संस्कृति मंत्री और विदेशी प्रतिनिधि शामिल होंगे। मेहमानों के स्वागत के लिए शहर को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की तर्ज पर सजाया जा रहा है।
आपको बता दें कि, वीआईपी रोड, भोज सेतु, एयरपोर्ट रोड और मिंटो हॉल जाने वाले रास्तों पर रंगरोगन का काम चल रहा है। साथ ही डिवाइडरों को भी नया रूप दिया जा रहा है। भोज सेतु के दोनों ओर मध्य प्रदेश की संस्कृति और धार्मिक पहचान को दिखाने वाली पेंटिंग बनाई जा रही हैं।
भोज सेतु पर दिखेगी MP की संस्कृति
सम्मेलन के लिए भोज सेतु को खास तरीके से सजाया जा रहा है। पुल के दोनों ओर बनाई जा रही पेंटिंग में मध्य प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, वीआईपी रोड, भोज सेतु, पॉलीटेक्निक चौराहा और मिंटो हॉल तक डिवाइडरों पर भी रंग किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य विदेशी मेहमानों को भोपाल की अलग पहचान से रूबरू कराना है।
5 से 8 अगस्त तक होगा आयोजन
BRICS Cultural Summit 2026 का आयोजन 5 अगस्त से 8 अगस्त तक होगा। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘सर्वे भवंतु सुखिन:’ की भावना और समरसता पर आधारित है। सम्मेलन में ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, UAE, दक्षिण अफ्रीका, क्यूबा, थाईलैंड और बेलारूस समेत कई देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
विदेशी प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
आयोजन में अलग-अलग देशों के संस्कृति मंत्रालयों से जुड़े मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होने वाले हैं। इसके लिए विदेशी मेहमानों के स्वागत और उनकी आवाजाही को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। सम्मेलन के जरिए अलग-अलग देशों की संस्कृति, कला और परंपराओं को एक मंच पर लाने की तैयारी है।
विदेशी कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
इसके साथ ही BRICS Cultural Summit के दौरान विदेशी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। अलग-अलग देशों के कलाकार अपने लोक संगीत, नृत्य और पारंपरिक कला का प्रदर्शन करेंगे। इजिप्ट की नेशनल फोक ट्रूप, इंडोनेशिया के कलाकारों का गायन और नृत्य कार्यक्रम, रूस के कलाकारों का फोक इंस्ट्रूमेंट ऑर्केस्ट्रा और लोक संगीत प्रस्तुति शामिल होगी।
दक्षिण अफ्रीका का जमाली ग्रुप और ब्राजील के कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। ब्राजील की टीम की ओर से संगीत के साथ मार्शल आर्ट और एक्रोबेटिक्स जैसी प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
विदेशी मेहमानों के लिए तैयार हो रहा भोपाल
BRICS सम्मेलन के चलते भोपाल के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल के आसपास सफाई, रंगरोगन और सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों को भोपाल की आधुनिकता के साथ-साथ मध्य प्रदेश की संस्कृति की भी झलक देखने को मिले।