12 साल की बच्ची की मौत से बैरागढ़ में आक्रोश, पोस्टमॉर्टम में प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़, गला घोंटने और जहर के मिले संकेत
भोपाल के बैरागढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के बाद शनिवार को लोगों ने थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को उनके हवाले करने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी सजा की मांग की। तनाव को देखते हुए थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है।

.jpg&w=3840&q=75)
Bhopal Crime News: भोपाल के बैरागढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़, गला घोंटने और जहर मिलने की बात सामने आई है। जिसके बाद शनिवार को परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने बैरागढ़ थाने का घेराव कर आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। भीड़ ने थाने में प्रवेश करने की कोशिश भी की, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। प्रदर्शनकारी मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
थाने के बाहर प्रदर्शन
बता दें, बच्ची की मौत के विरोध में बड़ी संख्या में लोग बैरागढ़ थाने के बाहर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग उठाई और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में घुसने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और थाने के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए गए।
वहीं, थाने के बाहर महिलाएं सड़क पर धरने पर बैठीं। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। पुलिस की ओर से भरोसा दिलाया गया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को सजा दिलाने के लिए केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की जाएगी।
हिंदूवादी संगठनों ने भी उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उनकी मांग है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए और दोषी को जल्द सजा मिले। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक पुलिस और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और कार्रवाई को लेकर लिखित आश्वासन देने की मांग की।
खंडहर में मिला था 12 वर्षीय बच्ची का शव
यह मामला बैरागढ़ में कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर से जुड़ा है। बच्ची गुरुवार रात घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शुक्रवार को उसका शव खंडहर में मिला। इसके बाद से ही इलाके में विरोध शुरू हो गया था।
पोस्टमॉर्टम ने हुआ खुलासा
पुलिस जांच में उसके सामने के दो दांत टूटे हुए मिले है। मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़, गला घोंटने और जहर मिलने की बात सामने आई है।
बच्ची की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने थाने के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रदर्शनकारी आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
