Betul News: कुबेरेश्वर धाम जा रही कार आखिर कैसे बनी हादसे का शिकार? 3 लोगों की मौत ; जानिए पूरी खबर
Betul News: बैतूल के मुलताई फोरलेन पर देर रात तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में नागपुर से कुबेरेश्वर धाम जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
Betul News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई फोरलेन पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर के बूटीबोरी से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम जा रही कार जीतू ढाबे के पास खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पति-पत्नी समेत तीन की मौत
जानकारी के अनुसार, हादसे में कार में सवार दीपक श्यामराव राउत (55), उनकी पत्नी छाया राउत (51) और प्रभा पति रामकृष्ण करदाते (48) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कार में सवार पांच अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान नीता (40), नैतिक (12), उज्ज्वला मोहन (52), संगीता (43) और सौरभ (30) के रूप में हुई है। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नागपुर रेफर किए जाने की जानकारी है।
दो कारों से निकला था जत्था
हादसे को लेकर परिजनों ने बताया कि बूटीबोरी इलाके के कुछ लोग दो कारों में सवार होकर सीहोर के कुबेरेश्वर धाम के लिए रवाना हुए थे। मुलताई के पास पहुंचने के दौरान एक कार हादसे का शिकार हो गई। रात का समय होने और तेज रफ्तार के बीच खड़े वाहन से कार की टक्कर हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद जांच में जुटी पुलिस
वहीं, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

